होर्मुज नहीं खोला तो करेंगे बड़ा हमला, सीजफायर की मीटिंग से पहले ट्रंप की ईरान को चेतावनी
Iran US Ceasefire: सीजफायर पालन न करने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर सीजफायर का पालन नहीं किया जाता है तो ईरान पर पहले से बड़ा हमला किया जाएगा। अमेरिकी सैनिक इसके लिए तैयार हैं।
वाशिंगटन। सीजफायर पर फंसे पेच के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बड़ी धमकी दी है। ट्रंप ने कहा अगर युद्ध विराम को पालन नहीं किया जाता है तो ईरान पर पहले से ज्यादा बड़ा हमला होगा। ट्रंप ने कहा कि हमारे सैनिक अभी ईरान के आसपास आराम कर रहे हैं। जब हमको लगेगा कि ईरान हमारी बात नहीं मान रहा है, तब हमला शुरू हो जाएगा। ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे वक्त में सामने आई है, जब सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाकर ईरान ने होर्मुज खोलने से इनकार कर दिया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा- जंग के बीच अमेरिकी सैनिकों ने अपने गोला-बारूद को फिर से भर लिया है। वे हमले और विजय की प्रतीक्षा में हैं। सभी सैनिक तब तक ईरान के आसपास रहेंगे, जब तक वास्तविक समझौता लागू नहीं हो जाता है। अमेरिका वापस आ गया है।
सीजफायर मीटिंग से पहले ईरान को धमकी
ट्रंप ने यह धमकी सीजफायर मीटिंग से ठीक पहले दी है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कैरोलिना लैविट के मुताबिक शनिवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की मीटिंग प्रस्तावित है। अमेरिका की तरफ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इसे लीड करेंगे।
ईरान की तरफ से संसद के स्पीकर गालिबफ बैठक का नेतृत्व कर सकते हैं। बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के भी शामिल होने की खबर है।
सीजफायर की शर्तों पर मतभेद
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में ईरान और अमेरिका के बीच दो सप्ताह के लिए एक सीजफायर घोषित किया गया था। हालांकि, सीजफायर की शर्तों को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी मतभेद भी नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने पहले भी ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला गया तो बड़े पैमाने पर हमले किए जाएंगे।
वहीं, ट्रंप के इस बयान को ईरान पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका ईरान को परमाणु क्षमता हासिल करने की अनुमति कभी नहीं देगा और क्षेत्र में शांति तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक कदम उठाएगा।
लेबनान पर इजरायली हवाई हमलों में 254 की मौत
पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। इंटरनेशनल कमेटी ऑफ द रेड क्रॉस ने लेबनान पर भारी इजरायली हवाई हमलों को भयावह मौत और विनाश बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। इन हमलों में कम से कम 254 लोग मारे गए और सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं, जिससे व्यापक मानवीय संकट उभर रहा है।
इजरायली वायुसेना ने बुधवार को लेबनान के विभिन्न भागों, विशेषकर बेरूत और दक्षिणी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इन हमलों से सिविलियनों के घर, अस्पताल और नागरिक इलाके प्रभावित हुए हैं। लेबनान की सिविल डिफेंस ने बताया कि हमलों में दर्जनों महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 254 नागरिक अपनी जान खो चुके हैं।
ईरान ने सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया
गुरुवार को ईरान ने अमेरिका और इजराइल पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- सीजफायर की शर्तों में लेबनान पर हमला भी न करना शामिल था, लेकिन बुधवार को बेरूत में इजराइल ने नरसंहार किया. पूरी दुनिया देख रही है।
ईरान संसद के स्पीकर गालिबफ ने अमेरिका पर सीजफायर के 3 शर्तों को तोड़ने का आरोप लगाया। गालिबफ ने कहा कि अगर ऐसा होता रहा तो हम यूरेनियम को खत्म नहीं करेंगे। इधर, ईरान ने होर्मुज को भी अभी तक ब्लॉक कर रखा है।