रतलाम में मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, दो लोगों की मौत; कई घायल और झुलसे
रतलाम के हतनारा गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराने से बड़ा हादसा हो गया। दो लोगों की मौत हुई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।;
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिया निकालते समय वह हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे पूरे ताजिए में करंट फैल गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए। कई अन्य लोग भगदड़ और गिरने से घायल भी हुए। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जुलूस के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हतनारा गांव में मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल थे और कुछ लोग ताजिया उठाकर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान मेवाती मोहल्ले के पास ताजिया लगभग 15 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया।
तार के संपर्क में आते ही ताजिए में तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में ताजिया उठाए हुए लोग और आसपास मौजूद श्रद्धालु आ गए। कई लोग मौके पर ही गिर पड़े, जबकि अन्य लोग एक-दूसरे पर गिरने से घायल हो गए।
दो लोगों की मौत, कई का इलाज जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में 32 वर्षीय राशिद खान को मृत घोषित किया गया, जबकि जिला अस्पताल में 40 वर्षीय सड्डू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घायलों में अख्तियार खान, अनस, शकील, रईस, मोहम्मद खान, वाहिद खान, अरबाज खान, इब्राहिम, इरफान, फारूख और रहीम समेत कई लोग शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
हादसे का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कई लोग सड़क पर गिरे दिखाई दे रहे हैं और स्थानीय लोग उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हादसे को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया अस्पताल पहुंचे तथा घायलों और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ताजिया हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
प्रशासन ने लोगों से धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। हादसे के बाद पूरे हतनारा गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।