हिमाचल प्रदेश के चंबा में भीषण सड़क हादसा- 7 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया गहरा दुख: ; PMNRF से आर्थिक सहायता का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के चंबा जनपद में हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी।;
नई दिल्ली/शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के चंबा जनपद में हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "हिमाचल प्रदेश के चंबा में हुए हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।"
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "चंबा जिला के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुए बस हादसे में 7 लोगों के निधन और अन्य 11 के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुखद हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जिला प्रशासन को भी सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, सीएम सुक्खू ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
भाजपा के सांसद सुरेश कश्यप ने लिखा, "जिला चंबा के बैरागढ़ क्षेत्र में चलूंज मोड़ के समीप चंबा–बैरागढ़ मार्ग पर शर्मा बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस भीषण सड़क हादसे में कई लोगों के असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।"
यह दुर्घटना उस समय हुई, जब एक प्राइवेट बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा जा रही थी। तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। बस में कुल 18 लोग सवार थे। हादसे के बाद कुछ लोग बस के नीचे दब गए।
बाद में चंबा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। हादसे के कारणों और मृतकों व घायलों की पहचान की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।