बांग्लादेश में आम चुनाव जारी, 12.77 करोड़ मतदाता करेंगे नई सरकार का चयन

बांग्लादेश में गुरुवार सुबह 7:30 बजे से 13वें आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। कुल 300 संसदीय सीटों में से 299 पर वोट डाले जा रहे हैं

Update: 2026-02-12 01:40 GMT

पहली बार अवामी लीग मैदान से बाहर, लोकतंत्र की नई दिशा तय करेगा चुनाव

  • हिंसा की आशंका के बीच 10 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात, ढाका समेत कई जिलों को संवेदनशील घोषित
  • जनमत संग्रह भी साथ-साथ, संविधान संशोधन पर जनता दे रही राय
  • 1,981 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला, BNP और जमात-ए-इस्लामी गठबंधन में सीधी टक्कर

ढाका। बांग्लादेश में गुरुवार सुबह 7:30 बजे से 13वें आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। कुल 300 संसदीय सीटों में से 299 पर वोट डाले जा रहे हैं, जबकि एक सीट पर प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित है। मतदान शाम 4:30 बजे तक चलेगा और इसके बाद तुरंत मतगणना शुरू होगी। चुनाव आयोग ने दावा किया है कि शुक्रवार सुबह तक सभी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

इस बार का चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक है। पहली बार शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग चुनावी मैदान से बाहर है। अगस्त 2024 के तख्तापलट के बाद सत्ता परिवर्तन के बीच यह चुनाव बांग्लादेश के लोकतंत्र की नई दिशा तय करेगा।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

हिंसा और तनाव की आशंका को देखते हुए सरकार ने करीब 10 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। राजधानी ढाका समेत कई जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। वहीं, पाकिस्तान से आए 30 पत्रकार भी चुनाव कवरेज के लिए मौजूद हैं।

जनमत संग्रह भी साथ-साथ

आम चुनाव के साथ-साथ जनता संविधान संशोधन के लिए जुलाई चार्टर पर भी वोट डाल रही है। अगर ‘हां’ वाला वोट बहुमत में रहा तो नई सरकार को संसद से इन सुधारों को कानूनी रूप से लागू करना अनिवार्य होगा।

मतदाताओं का गणित

कुल 12.76 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें पुरुष मतदाता 6.47 करोड़, महिला मतदाता 6.28 करोड़ और 1,230 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। सबसे अहम भूमिका युवाओं की है - 18 से 37 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता लगभग 44% हैं, जिनमें से 45 लाख पहली बार वोट डाल रहे हैं।

उम्मीदवार और राजनीतिक समीकरण

कुल 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 151 सीटें चाहिए। इस बार की सियासी लड़ाई दो प्रमुख चेहरों के बीच सिमटती दिख रही है:-

  • शफीकुर रहमान (जमात-ए-इस्लामी गठबंधन)
  • तारिक रहमान (BNP गठबंधन)
Tags:    

Similar News