पोखर में डूबने से 2 बच्चों की मौत
उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के भैंसा माफी गांव में पोखर में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के भैंसा माफी गांव में पोखर में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भैंसा माफी निवासी नितिन (10) और शैलेश (9 ) शनिवार दोपहर पोखरे के पास टहलने गए थे। लबालब पानी देखकर दोनों नहाने के लिए पोखरे में उतर गए। अचानक नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी मे चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख एक युवक ने ग्रामीणों को सूचना दिया जिसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने के लिए पोखरे में कूदे लेकिन तब तक वो डूब चुके थे।
उन्होने बताया कि दो घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार बजे बच्चों का शव बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के कक्षा चार के छात्र थे।