सहारनपुर पुलिस ने किया यशपाल चौधरी की हत्या का खुलासा,तीन गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की देवबंद पुलिस ने बहुचर्चित यशपाल चौधरी हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी भतीजी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।;

Update: 2019-11-06 17:17 GMT

सहारनपुर । उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की देवबंद पुलिस ने बहुचर्चित यशपाल चौधरी हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी भतीजी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश प्रभु ने आज यहां संवाददाताओं को हत्याकाण्ड के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यशपाल की भतीजी शिवानी का गांव के ही अंकुर नामक युवक से प्रेम संबंध था। इन संबंधों को लेकर यशपाल ने वर्ष 2012 में अंकुर की पिटाई कर दी थी। अंकुर को यह आशंका थी कि यशपाल उसकी हत्या भी करा सकता है। इसी बात पर अंकुर ने अपने मित्र मनीष राठौर के साथ मिलकर आठ अक्टूबर को यशपाल सिंह उस समय हत्या कर दी थी जब वह अपने गांव मिरगपुर से बाइक पर देवबंद आ रहा था।

उन्होंने बताया की शिवानी ने ही अंकुर को चाचा के बाइक से कहीं जाने की सूचना दी थी। उसके बाद अंकुर बगैर नम्बर की स्कूटी पर अपने साथी को लेकर गया और मानकी गांव के पास पीछाकर यशपाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार हत्यारोपियों के पास से 12 बोर की दुनाली बंदूक, एक तमंचा, दस कारतूस और हत्या में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की। उन्होंने बताया कि इस हत्या के सिलसिले में सात लोगों को नामजद किया था। छह आरोपियों को 26 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि एक आरोपी अनुज अभी भी फरार चल रहा है,जिसकी तलाश जारी है।

श्री प्रभु ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


Full View

Tags:    

Similar News