कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की महिला की हत्या: शादी से इनकार करने पर गोली मारी, सुसाइड किया

शालिनी की मां सुदेश कुमारी के मुताबिक, रोहित करीब एक साल से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। वह शालिनी से शादी करना चाहता था, लेकिन शालिनी ने उम्र में काफी अंतर होने की वजह से शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद रोहित नाराज हो गया था।;

Update: 2026-09-13 05:56 GMT

सैक्रामेंटो: अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की 38 वर्षीय शालिनी ठाकुर की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सैक्रामेंटो में एक रेस्टोरेंट के बाहर 22 वर्षीय रोहित ने शालिनी का पीछा किया और फिर उन पर गोली चला दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को घेर लिया था। इसके बाद रोहित की भी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

करीब एक साल से परेशान करने का आरोप

शालिनी की मां सुदेश कुमारी के मुताबिक, रोहित करीब एक साल से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। परिवार का कहना है कि रोहित शालिनी से शादी करना चाहता था, लेकिन शालिनी ने उम्र में काफी अंतर होने के कारण इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। इसके बाद उसके व्यवहार में कथित तौर पर बदलाव आने लगा। सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ ऑफिस के प्रवक्ता सार्जेंट अमर गांधी ने भी बताया कि दोनों एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे और दोस्त थे, हालांकि वे अलग-अलग नियोक्ताओं के लिए काम करते थे। गांधी के मुताबिक, जनवरी के आसपास रोहित का व्यवहार बिगड़ने लगा और वह शालिनी को लेकर बेहद जुनूनी होता गया।

मार्च में पुलिस को दी थी पहली सूचना

शेरिफ ऑफिस के अनुसार, शालिनी ने मार्च में पहली बार अधिकारियों को रोहित के व्यवहार की जानकारी दी थी। उस समय उन्होंने आपराधिक कार्रवाई या रोक लगाने वाले आदेश की मांग नहीं की थी। बाद में मई में अधिकारियों ने उन्हें रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर लेने की सलाह दी, जिसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। अदालत में दायर आवेदन में शालिनी ने बताया था कि वह रोहित को डोरडैश डिलीवरी ड्राइवर के तौर पर जानती थीं। उनके अनुसार, रोहित कई बार उनके घर के बाहर लंबे समय तक गाड़ी खड़ी करता और उनसे रोज बातचीत करने की कोशिश करता था। डोरडैश ने भी कहा है कि वह मामले की जांच में शेरिफ ऑफिस का सहयोग कर रहा है।

रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर के बाद भी पीछा जारी रहने का आरोप

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, शालिनी ने रोहित के खिलाफ मई में शिकायत की थी और अदालत से रोक लगाने का आदेश भी हासिल किया था। इसके बावजूद जुलाई तक उसके द्वारा शालिनी का पीछा किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस और स्थानीय रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि रोहित ने शालिनी की गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश की। एक मामले में उनकी कार में एप्पल एयरटैग मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा, उस पर मदद करने के बहाने उनकी कार के टायरों से छेड़छाड़ करने और काम पर जाते समय पीछा करने के आरोप हैं। शेरिफ ऑफिस के अनुसार, रोहित ने शालिनी के घर की चाबी की कॉपी हासिल करने और उनके घर में प्रवेश करने की कोशिश भी की थी। इन घटनाओं के कारण शालिनी ने पुलिस और अदालत से सुरक्षा की मांग की थी।

रेस्टोरेंट के बाहर रोका, फिर पुलिस ने शुरू की तलाश

पुलिस के मुताबिक, शालिनी आर्डन आर्केड इलाके के एक शॉपिंग प्लाजा में काम करती थीं। मंगलवार को काम पर जाते समय आरोपी ने कथित तौर पर उनका पीछा किया। रेस्टोरेंट के बाहर दोनों का सामना हुआ और शालिनी वहां से निकलने की कोशिश कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, रोहित ने उनका पीछा किया और गोलीबारी की। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को आरोपी की गाड़ी की जानकारी दी। अधिकारियों ने कुछ ही समय में वाहन की लोकेशन का पता लगा लिया। पुलिस ने ईस्टबाउंड हाईवे 50 पर उसे रोकने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी वाहन के अंदर मृत पाया गया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

2023 में अमेरिका पहुंचा था आरोपी

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, रोहित 2023 में एरिजोना के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। सीमा गश्ती दल ने उसे पकड़ा था, लेकिन बाद में तत्कालीन बाइडेन प्रशासन के दौरान उसे रिहा कर दिया गया। मामले ने अमेरिका में स्टॉकिंग और घरेलू सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। खास तौर पर तब, जब शालिनी ने पुलिस को शिकायत देने के साथ अदालत से सुरक्षा आदेश भी हासिल किया था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चेतावनियों और अदालत के आदेश के बावजूद आरोपी लगातार उनके संपर्क में कैसे रहा और मंगलवार की घटना तक स्थिति कैसे पहुंची।

Tags:    

Similar News