मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन की हार पर ट्रंप ने गिनाईं 5 वजहें, ईरान युद्ध और महंगाई को बताया जिम्मेदार

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने पांच वजहें बताईं। ईरान युद्ध, पेट्रोल की महंगाई, कमजोर उम्मीदवार और डेमोक्रेट्स के प्रचार को ठहराया जिम्मेदार।;

Update: 2026-11-04 08:13 GMT

वाशिंगटन। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया है। इस नतीजे के बाद अमेरिकी संसद पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हो गया है। हार के बाद ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में अपनी पार्टी के खराब प्रदर्शन की पांच प्रमुख वजहें गिनाईं। उन्होंने ईरान युद्ध, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों, कमजोर उम्मीदवारों और डेमोक्रेट्स के मजबूत प्रचार को इसके लिए जिम्मेदार बताया।

ट्रंप ने यह भी कहा कि इन नतीजों को उनके नेतृत्व के खिलाफ जनमत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का बचाव करते हुए कहा कि उनकी नीतियां सही दिशा में हैं।

1. ईरान युद्ध और महंगे पेट्रोल का असर

ट्रंप ने माना कि ईरान के साथ युद्ध और उसके कारण बढ़ी तेल-गैस की कीमतों ने चुनावी नतीजों को प्रभावित किया। फॉक्स न्यूज से बातचीत में उन्होंने कहा कि मतदाता ईरान को लेकर उनके फैसले से सहमत हो सकते हैं, लेकिन पेट्रोल की महंगाई का तत्काल असर झेलने के लिए तैयार नहीं थे।

ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी परिवारों पर बढ़ते ईंधन खर्च का दबाव पड़ा। हालांकि, उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर किसी तरह का पछतावा होने से इनकार किया।

2. मतपत्र पर ट्रंप का नाम नहीं होना

रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ट्रंप ने दूसरी वजह खुद चुनावी मैदान में नहीं होना बताया। उनका दावा है कि यदि वह खुद उम्मीदवार होते तो पार्टी को बड़ी जीत मिल सकती थी। उन्होंने कहा कि उनके समर्थक उन्हें वोट देने के लिए अधिक उत्साहित रहते हैं, जबकि स्थानीय उम्मीदवारों को वैसा समर्थन नहीं मिला।

3. कमजोर उम्मीदवार भी बने हार की वजह

ट्रंप ने माना कि कई रिपब्लिकन उम्मीदवार मतदाताओं को प्रभावित करने में सफल नहीं रहे। उनके अनुसार, कुछ उम्मीदवारों की अपनी कमियां थीं और पार्टी के समर्थकों के बीच भी उन्हें पर्याप्त स्वीकार्यता नहीं मिली। उन्होंने इन नतीजों को अपनी लोकप्रियता से जोड़ने से इनकार किया।

4. फॉक्स न्यूज पर निशाना

ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को भी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने आरोप लगाया कि चैनल ने डेमोक्रेटिक नेताओं और विपक्षी आवाजों को लगातार जगह दी।

5 . डेमोक्रेटिक पार्टी की मजबूत रणनीति

इसके अलावा उन्होंने माना कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने चुनाव में मजबूती से प्रचार किया और बेहतर रणनीति अपनाई।

सहयोग की बात, लेकिन वीटो की चेतावनी

न्यूयॉर्क टाइम्स से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह देश के हित में डेमोक्रेट्स के साथ काम करने को तैयार हैं। हालांकि, फॉक्स न्यूज से बातचीत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष कोई ऐसा विधेयक पारित कराता है जिसे वह अनुचित मानते हैं, तो उस पर वीटो लगा देंगे।

इस तरह ट्रंप ने एक ओर सहयोग की इच्छा जताई है, तो दूसरी ओर साफ कर दिया है कि व्हाइट हाउस और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव की संभावना बनी रहेगी। आने वाले दो साल में अमेरिकी राजनीति की दिशा इसी रिश्ते से तय हो सकती है।

Tags:    

Similar News