मुंबई में स्कूल बस में तीन साल की बच्ची से यौन शोषण, ड्राइवर गिरफ्तार; POCSO के तहत केस दर्ज
नवी मुंबई के कामोठे में स्कूल बस से घर लौट रही तीन साल की बच्ची के कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने 30 वर्षीय बस ड्राइवर को गिरफ्तार किया।;
मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में स्कूल बस से घर लौट रही तीन साल की बच्ची के साथ यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। घटना कामोठे इलाके की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 30 वर्षीय निजी स्कूल बस ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी उसी बस को चलाता था, जिसे स्कूल ने बच्चों के परिवहन के लिए लगाया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर उस समय हुई जब बच्ची को घर छोड़ने के लिए बस में ले जाया जा रहा था। अन्य बच्चों के अपने-अपने स्थान पर उतर जाने के बाद बच्ची बस में अकेली रह गई थी। पुलिस का आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर ड्राइवर ने बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन शोषण किया।
बस में अकेली रह गई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची रोजाना निजी बस से स्कूल आती-जाती थी। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे ड्राइवर ने कामोठे इलाके में किंडरगार्टन और प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को उनके घर छोड़ना शुरू किया। एक-एक करके बाकी बच्चे उतर गए और अंत में बच्ची बस में ड्राइवर के साथ अकेली रह गई।
घर पहुंचने के बाद बच्ची ने पेट में दर्द की शिकायत की। दादी के पूछने पर बच्ची ने कथित तौर पर बस में ड्राइवर द्वारा गलत हरकत किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया और फिर पुलिस को सूचना दी।
मेडिकल जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराई। पुलिस के अनुसार, जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई, जिसके बाद आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपी को गुरुवार को पनवेल की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब स्कूल प्रबंधन और परिवहन व्यवस्था से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल की ओर से क्या इंतजाम किए गए थे।
दिल्ली की घटना के बाद मुंबई मामले ने बढ़ाई चिंता
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में दिल्ली-एनसीआर में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार, छात्रा बारिश के दौरान रास्ता भटककर ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई थी और मदद के लिए एक बस में सवार हुई थी। आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बस को फोरेंसिक जांच के लिए जब्त किया गया था।
नवी मुंबई की घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन और स्कूल बसों में निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।