एसटीएफ ने एसएससी जीडी परीक्षा धांधली में किया बड़ा खुलासा

एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में धांधली के मामले में एसटीएफ ने परीक्षा केंद्र चुनने वाली कंपनी एएसएसईएसएस इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-09-22 16:55 GMT

परीक्षा केंद्र चुनने वाली कंपनी के 2 डायरेक्टर गिरफ्तार, 7 राज्यों तक फैले संदिग्ध सेंटरों के तार

नोएडा। एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में धांधली के मामले में एसटीएफ ने परीक्षा केंद्र चुनने वाली कंपनी एएसएसईएसएस इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयपुर निवासी गगनदीप शर्मा और यादवेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों को मंगलवार दोपहर सूरजपुर स्थित एसटीएफ कार्यालय से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ ने बताया कि मामले की जांच ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन में हुई कार्रवाई से आगे बढ़ी। 22 मई को एसटीएफ ने यहां एसएससी जीडी परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर और सर्वर हैकिंग के जरिए नकल कराने वाले गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मौके से 50 लाख रुपये नकद, प्रॉक्सी सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए थे। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में सामने आया कि बालाजी डिजिटल जोन को एसएससी परीक्षा केंद्र के रूप में एएसएसईएसएस इंफ्रा ने चिन्हित किया था। इस सेंटर पर 2025 से अब तक एसएससी की 16 परीक्षाएं आयोजित हो चुकी थीं।

एसटीएफ के मुताबिक, एसएससी की प्रतियोगी परीक्षाएं कार्यदायी संस्था Eduquity के जरिए कराई जाती हैं। उत्तर भारत में परीक्षा केंद्रों के चयन, सिक्योरिटी ऑडिट और सेंटर संचालक व स्टाफ के पुलिस वैरीफिकेशन जैसे काम एएसएसईएसएस इंफ्रा को दिए गए थे। जांच में आरोप है कि बालाजी डिजिटल जोन को परीक्षा कराने के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान नहीं किया गया। इसके बदले परीक्षा केंद्र से जुड़े सुरक्षा नियमों में कथित तौर पर अनदेखी की गई। एसटीएफ का कहना है कि इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर सेंटर संचालक ने अभ्यर्थियों से पैसे लेकर परीक्षा में नकल कराने की व्यवस्था कराई।

देहरादून में पकड़ा गया था यही मुख्य आरोपी, फिर भी सेंटर चुना

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि अप्रैल 2026 में देहरादून के महादेव डिजिटल जोन में प्रॉक्सी सर्वर के जरिए नकल पकड़ी गई थी। इस मामले में भी बालाजी डिजिटल जोन से जुड़े मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान का नाम सामने आया था। एसटीएफ के अनुसार, इसके बावजूद एएसएसईएसएस इंफ्रा ने प्रदीप चौहान की ग्रेटर नोएडा स्थित दूसरी लैब बालाजी डिजिटल जोन को दोबारा परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया।

यूपी समेत 7 राज्यों के दर्जनों सेंटर जांच के दायरे में

एसटीएफ की जांच में अब तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और दिल्ली के दर्जनों संदिग्ध परीक्षा केंद्रों के इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी के अनुसार, परीक्षा में धांधली के लिए RESBARY PI डिवाइस लगी मॉडिफाइड TFT, प्रॉक्सी सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।

Tags:    

Similar News