बंद घरों में चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़, एक को लगी गोली

दादरी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के बदमाशों की शुक्रवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-11-06 18:37 GMT

19 मुकदमों वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल, साथी भी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के बदमाशों की शुक्रवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। सेक्टर ज्यू-3 के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसमें सवार चार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश कार से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, घायल बदमाश की पहचान दादरी की कांशीराम कालोनी निवासी अजय (27) और गिरफ्तार दूसरे आरोपित की पहचान समीर (19) के रूप में हुई है। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के जेवर, नकदी, तमंचा, कारतूस, चाकू और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ओमीक्रोन-1, ओमीक्रोन-2, म्यू-1, म्यू-2 और पिंक सिटी दादरी में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाया था। आरोपितों ने इन इलाकों में घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवर चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार, इन वारदातों के संबंध में दादरी कोतवाली में चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें तीन मुकदमे चार सितंबर और 19 सितंबर को दर्ज हुए थे, जबकि चौथा मुकदमा छह अक्टूबर को दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी के चार सिक्के, सोने की एक अंगूठी, चांदी का एक कड़ा, सोने की चेन का एक टुकड़ा और छह हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चाकू भी मिला है।

अजय पर पहले से दर्ज हैं 19 मुकदमे....

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अजय का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक चोरी, लूट के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बंद घरों में चोरी के चार मामले भी शामिल हैं। वहीं, दूसरे आरोपित समीर के खिलाफ भी चोरी के चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार दोनों बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।

Tags:    

Similar News