मेरठ के मवाना में बाह्य न्यायालय भवन का उद्घाटन
मेरठ रोड स्थित सांधन पुलिया के निकट नवनिर्मित बाह्य न्यायालय भवन का गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया;
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने ऑनलाईन किया लोकार्पण
- अधिवक्ताओं के स्थायी चैंबरों के निर्माण के लिए हुआ विधिवत भूमि पूजन
मवाना। मेरठ रोड स्थित सांधन पुलिया के निकट नवनिर्मित बाह्य न्यायालय भवन का गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं के स्थायी चैंबरों के निर्माण के लिए उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने विधिवत भूमि पूजन किया। नए न्यायालय भवन की सौगात मिलने से मवाना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उद्घाटन समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने कहा कि मेरठ ऐतिहासिक नगर होने के साथ-साथ खेल नगरी के रूप में भी देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। मवाना में भव्य न्यायालय भवन की स्थापना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को न्याय पाने के लिए दूरदराज के न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें सस्ता, सुलभ और शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने भवन निर्माण और उद्घाटन समारोह में मेरठ एवं मवाना बार एसोसिएशन के सहयोग की सराहना की। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन ने कहा कि मवाना में न्यायालय की स्थापना से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों को न्यायिक सुविधाएं मिलने के साथ ही अधिवक्ताओं और वादकारियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एवं मेरठ के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने कहा कि नए न्यायालय भवन के शुरू होने से मवाना क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने न्यायिक मजिस्ट्रेट मवाना प्रशांत मौर्य को न्यायिक कुर्सी पर बैठाकर न्यायालय का विधिवत शुभारंभ कराया। जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने भी समारोह को संबोधित करते हुए इस पहल की सराहना की। इससे पूर्व न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबरों के निर्माण के लिए भूमि पूजन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मौके पर स्थापित शिलापट्ट का अनावरण किया और न्यायालय भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहां पर उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, अपर जिला जज, न्यायिक अधिकारी, न्यायिक मजिस्ट्रेट मवाना प्रशांत मौर्य, मवाना सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम, सचिव नटवर राणा, बार एसोसिएशन मवाना के अध्यक्ष श्रीवल्लभ, सचिव महमपाल सिंह, मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा, सचिव परवेज आलम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।