Under-19 World Cup 2026 : एरन जॉर्ज की शतकीय धमाकेदार पारी से भारत फाइनल में
सलामी बल्लेबाज एरन जॉर्ज (115) की शतकीय, वैभव सूर्यवंशी (68) और कप्तान आयुष म्हात्रे (62) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 53 गेंदें शेष रहते सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल मे प्रवेश किया
अफगानिस्तान ढेर, भारत 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में
- सूर्यवंशी-एरन की जोड़ी ने रचा इतिहास, इंग्लैंड से खिताबी भिड़ंत तय
- 310 रन का पहाड़ चढ़ा भारत, सात विकेट से सेमीफाइनल पर कब्ज़ा
- जॉर्ज बने हीरो, भारत ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल टिकट कटाया
हरारे। सलामी बल्लेबाज एरन जॉर्ज (115) की शतकीय, वैभव सूर्यवंशी (68) और कप्तान आयुष म्हात्रे (62) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 53 गेंदें शेष रहते सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल मे प्रवेश किया।
यह 10वीं बार है जब भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है। फाइनल में भारत खिताब के लिए इंग्लैंड से भिड़ेगा। एरन जॉर्ज को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।
311 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी और एरन जॉर्ज की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 92 रन जोड़े। 10वें ओवर में नूरीस्तानी ओमरजई ने वैभव सूर्यवंशी को आउटकर अफगानिस्तान को पहली सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों में नौ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 68 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान आयुष म्हात्रे ने एरन जॉर्ज के साथ दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की। 27वें ओवर में नूरीस्तानी ओमरजई ने आयुष म्हात्रे को आउट किया। आयुष म्हात्रे ने 59 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के लगाते हुए 62 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विहान मल्होत्रा ने जॉर्ज के साथ 96 रन जोड़कर भारत की जीत पक्की कर दी। इसी दौरान जॉर्ज ने अपना शतक पूरा किया। 40वें ओवर में वाहिदउल्लाह जदरान ने जॉर्ज को आउटकर दिया। जॉर्ज ने 104 गेंदों में 15 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 115 रनों की शानदार पारी खेली। भारत ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया। विहान मल्होत्रा 38 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत का फाइनल में इंग्लैंड से मुकाबला होगा। भारत अब तक पांच बार यह खिताब जीता है।
इससे पहले आज यहां फैसल शिनोजादा (110 ) और उजैरुल्लाह नियाजई (नाबाद 101) की शानदार शतकीय पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ चार विकेट पर 310 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी उस्मान सादत और खालिद अहमदजई की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। 13वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने खालिद अहमदजई को आउटकर भारत को पहली सफलता दिलाई। अहमदजई ने 39 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रन बनाये।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये फैसल शिनोजादा ने उस्मान सादत के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। 25वें ओवर में कनिष्क चौहान ने उस्मान सादत को आउटकर पवेलियन भेज दिया। उस्मान सादत ने 70 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए 39 रन बनाये। फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। 46वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने फैसल शिनोजादा को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। फैसल शिनोजादा ने 93 गेंदों में 15 चौके लगाते हुए 110 रनों की पारी खेली। 49वें ओवर में कनिष्क चौहान ने अजिजुल्लाह मियाखिल (12) को आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया।
अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 310 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उजैरुल्लाह नियाजई ने 86 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 101 रनों की पारी खेली। अब्दुल अजीज सात रन बनाकर नाबाद रहे। यह टूर्नामेंट में पहली बार है जब किसी टीम ने भारत के खिलाफ 200 से अधिक का स्कोर बनाया है। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने दो-दो विकेट लिये।