इंस्टाग्राम पर बजा पीएम मोदी का डंका, 10 करोड़ फॉलोअर्स वाले पहले वर्ल्ड लीडर बने, ट्रंप भी छूट गए पीछे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स का रिकॉर्ड बनाकर दुनिया के पहले नेता बन गए हैं। इंस्टाग्राम पर 2014 में शुरू हुई उनकी यह यात्रा में सोशल मीडिया ने उनकी लोकप्रियता और राजनीतिक छवि को मजबूती दी। इस समय मोदी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 43.2 मिलियन, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के 15 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। वे इंस्टाग्राम पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले विश्व नेता और राजनेता बन गए हैं। यह सफलता उनके सोशल मीडिया पर प्रभावशाली उपस्थिति और लोकप्रियता को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में इंस्टाग्राम से अपनी यात्रा शुरू की थी। तब से लेकर अब तक उनकी सोशल मीडिया की उपस्थिति लगातार बढ़ती रही है। उनकी राजनीतिक छवि और जनसंपर्क को मजबूत करने में सोशल मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री के इस प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहने और व्यक्तिगत जीवन के कई पहलुओं को साझा करने की रणनीति ने उन्हें जनता के और करीब ला दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में डिजिटल इंडिया को तेजी से बढ़ावा दिया गया। 2014 से लेकर 2026 तक करोड़ों भारतीय इंटरनेट पर आए और डिजटली अपने विचार साझा करना शुरू कर दिया।
इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या के मामले में प्रधानमंत्री मोदी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दूसरे स्थान पर हैं, जिनके 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के 15 मिलियन, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के 14.4 मिलियन, तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयप एर्दोगान के 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर कुल अब तक 1205 पोस्ट किए हैं। प्रधानमंत्री इंस्टाग्राम पर किसी को फॉलो नहीं करते हैं। लेकिन, उन्हें फॉलो करने वालों का आंकड़ा 10 करोड़ को पार पहुंच चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स की संख्या इन सभी टॉप नेताओं के फॉलोअर्स से काफी अधिक है। यह दर्शाता है कि वे न केवल भारत में, बल्कि विश्व स्तर पर भी डिजिटल युग में एक प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं।