अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहे थे

झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और एक अन्य युवक की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। आबान अपने भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहे थे।;

Update: 2026-08-06 07:21 GMT
झांसी। माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की गुरुवार सुबह झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके साथ यात्रा कर रहे सोनू खान की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आबान अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहे थे, जहां अली न्यायिक हिरासत में बंद है।

जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर पूछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार क्रेटा कार प्रयागराज से झांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीन युवक गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार में सवार अहजम (बादशाही मंडी, प्रयागराज), मोहम्मद जैद (कोतवाली, प्रयागराज) और उमर अहमद (पूरा मुफ़्ती, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने की पहचान की पुष्टि

झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

इस घटना के बाद प्रयागराज और झांसी में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों को भी जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।

Tags:    

Similar News