कब तक कुर्बान होंगी नववधुएं

दीपिका नागर और ट्विशा शर्मा की कथित हत्या या आत्महत्या, दहेज के लिए उत्पीड़न और ससुराल पक्ष के अत्याचार की दो खबरें इस समय काफी सुर्खियों में हैं।;

Update: 2026-05-20 22:45 GMT

दीपिका नागर और ट्विशा शर्मा की कथित हत्या या आत्महत्या, दहेज के लिए उत्पीड़न और ससुराल पक्ष के अत्याचार की दो खबरें इस समय काफी सुर्खियों में हैं। यह हमारे देश और समाज की कड़वी सच्चाई है कि महिला सशक्तीकरण के लिए बने सारे नियम-कानून महिला उत्पीड़न के बढ़ते आंकड़ों के सामने प्रभावहीन नजर आते हैं। दहेज की कुप्रथा को रोकने के लिए 1 जुलाई 1961 से ही दहेज निषेध अधिनियम, 1961 लागू है। जिसके तहत दहेज लेना और देना दंडनीय अपराध है। दहेज प्रथा को बढ़ावा देना भी गैरकानूनी है और मौखिक या लिखित किसी भी तरह से दहेज के लेन-देन से संबंधित कोई भी समझौता करना भी कानूनन अमान्य है। इस कानून के उल्लंघन पर बाकायदा जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान है। सभ्य समाज चाहे तो इस कानून का पालन कर लड़कियों के लिए एक सुरक्षित माहौल और भविष्य बना ले। लेकिन जिस समाज में लड़की होना ही अघोषित तौर पर अपराध बना हुआ है, वहां ऐसी कोई भी उम्मीद बेकार ही है।

2026 में आकर भी हमें संदिग्ध हालात में ससुराल में नवविवाहिताओं की मौत पर चर्चा करनी पड़ रही है। यही हाल पिछली सदी का भी था, तब एक गंभीर बात मजाक की तरह कही जाने लगी थी कि सारे स्टोव दुल्हनों के सामने ही क्यों फटते हैं। क्योंकि उस समय कई बहुएं स्टोव फटने के कारण जलकर मर जाती थीं। उनके ससुराल वाले मायके में खबर करते थे कि आपकी बेटी जल गई। अब स्टोव नहीं है, तो मानसिक तौर पर बीमार होने के कारण सामने आने लगे हैं।

भोपाल में ट्विशा शर्मा की कथित आत्महत्या के पीछे भी उनकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने यही बताया है कि ट्विशा मानसिक रोगी थी। गौरतलब है कि नोएडा की रहने वाली ट्विशा की शादी भोपाल में समर्थ सिंह से हुई थी। बीती 12 मई को रात को अचानक ट्विशा की मौत की खबर उनके परिजनों को दी गई। ससुराल पक्ष ने कहा है कि ट्विशा ने फांसी लगा ली, वहीं पुलिस ने भी शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना है, लेकिन मृतका के परिवार ने इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा पर नौकरी छोड़ने और गर्भवती होने को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि मौत से ठीक पहले ट्विशा ने अपनी एक सहेली को फोन पर कई संदेश भेजे थे, जिसमें अपने उत्पीड़न की बात उन्होंने कही थी। एम्स भोपाल में मौत के बाद ट्विशा का पोस्टमार्टम हुआ, जिसकी रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि ट्विशा की मौत फांसी लगाने से हुई थी। उनके शरीर पर कोई बड़ी चोट के निशान तो नहीं हैं, लेकिन उनके हाथ समेत शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मौत से करीब एक हफ्ते पहले ट्विशा का गर्भपात हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये चोटें कैसे आईं।

12 मई को जब ट्विशा शर्मा कथित तौर पर घर की छत पर जिमनास्टिक रिंग की रस्सी के सहारे लटकी हुई मिली तो ससुराल वाले उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्विशा के मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। जिसमें गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन समर्थ सिंह इन पंक्तियों के लिखे जाने तक फरार ही है। गिरिबाला सिंह ने इस बीच मीडिया में कुछ इंटरव्यू भी दिए हैं, जिसमें उन्होंने ट्विशा की मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात कही। गिरिबाला सिंह के मुताबिक ट्विशा ने कहा कि उसे पौधे पसंद हैं, लेकिन वह उनमें पानी नहीं देती थी, बच्चे पसंद होने की बात कही, लेकिन पालना नहीं चाहती थी। खाना बनाना पसंद होने की बात कही, लेकिन अपनी देखरेख में न खाना बनवाना चाहती थी, न सब के साथ बैठकर खाना खाती थी।

यह बात समझ से परे है कि जो व्यक्ति अपना पक्ष रखने के लिए इस दुनिया में नहीं है, उसकी मौत के चंद दिन बाद ही इस तरह शिकायती लहजे में बातें करना किस लिहाज से सही है। यह मामला फिलहाल कानूनी दायरे में है, तो ऐसे में गिरिबाला सिंह का सार्वजनिक बयानबाजी करना भी क्या सही है। बता दें कि ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने गिरीबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाएं हैं कि वे मीडिया के सामने उनकी मृत बेटी के चरित्र पर लांछन लगा रहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शादी के बाद से ट्विशा को प्रताड़ित किया जाता था, लेकिन ट्विशा की खुशी की खातिर हम समर्थ सिंह की तमाम हरकतों को नजर अंदाज करते रहे, उसके जुल्म सहते रहे।

सवाल यही है कि ट्विशा पर कथित उत्पीड़न की बात जब पहले से उनके परिजनों को पता थी, तो वे किस बात का इंतजार कर रहे थे, क्यों उन्होंने अपनी बेटी को पहले ही अपने पास नहीं बुला लिया। ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर भी इसी तरह मौत का शिकार हुई हैं। ससुराल वालों के मुताबिक दीपिका ने छत से कूद कर आत्महत्या कर ली, लेकिन उनके परिजनों का कहना है कि दीपिका को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। महज 14 महीने पहले काफी धूमधाम से दीपिका की शादी की गई, और उन्हें भारी भरकम दहेज के अलावा स्कार्पियो वाहन दिया गया, लेकिन ससुराल वाले फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग कर रहे थे और इसके लिए उन्होंने दीपिका को काफी तंग किया।

इन दोनों मामलों में कई समानताएं हैं। दोनों लड़कियां उच्च शिक्षित थीं, मां-बाप का साया उन पर था, अन्य रिश्तेदार, परिजन भी साथ थे, फिर भी शादी के चंद महीनों में ससुराल में दोनों अकाल मौत का शिकार हुईं। अब परिजन दहेज और अन्य प्रताड़नाओं का आरोप लगा रहे हैं, वहीं ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं। इन मौतों का सच तो शायद जांच के बाद सामने आए, लेकिन इन अकाल मौतों को टाला जा सकता था, अगर इन दोनों के परिवार वाले समाज से पहले अपनी बेटियों को रखते।

जिस आंगन में डोली उतरे, वहीं से अर्थी उठनी चाहिए जैसी दकियानूसी सोच को समाज में जड़ से उखाड़ने की जरूरत है। और तलाक के प्रावधान को बिना किसी अपराधबोध के स्वीकार करने की जरूरत है। विवाह संस्था सामाजिक व्यवस्था, नैतिकता, परंपराओं के पालन आदि-आदि के लिए जरूरी है, लेकिन वही अंतिम सत्य और अंतिम मंजिल नहीं है, जिसके लिए बार-बार बेटियों को कुर्बान किया जाए।

Tags:    

Similar News