कोयला खदान में गैस विस्फोट: पाकिस्तान

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से चार श्रम‍िकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।;

By :  IANS
Update: 2026-09-14 10:04 GMT

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से चार श्रम‍िकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार, यह हादसा रविवार को हरनाई जिले की एक कोयला खदान के अंदर गैस जमा होने के कारण हुआ।

विस्फोट की सूचना मिलते ही पाकिस्तान सेना की बचाव टीम मौके पर पहुंची। टीम ने चार श्रम‍िकों के शव बाहर निकाले और पांच घायल खनिकों को सुरक्षित बचाया। घायल श्रम‍िकों को इलाज के लिए प्रांतीय राजधानी क्वेटा भेजा गया।

इससे पहले अगस्त में भी बलूचिस्तान के डुकी जिले की एक कोयला खदान में जहरीली मीथेन गैस सांस के जरिए शरीर में जाने से तीन श्रम‍िकों की मौत हो गई थी। इनमें दो अफगान नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे।

अधिकारियों और स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब खदान के अंदर काम के दौरान मीथेन गैस इकट्ठा हो गई। जहरीली गैस सांस में जाने के बाद खनिक बेहोश हो गए। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत अधिकारियों और स्थानीय श्रम‍िकों को सूचना दी, जिसके बाद माइंस एंड मिनरल्स विभाग ने बचाव अभियान शुरू किया।

डॉन की र‍िपोर्ट के अनुसार, बचाव दल जब खदान के अंदर पहुंचा, तब तक तीनों खनिकों की मौत हो चुकी थी। बाद में मृतकों की पहचान दो अफगान और एक पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई।

इससे पहले जुलाई में भी बलूचिस्तान के सोरांगे इलाके में एक कोयला खदान में मीथेन गैस विस्फोट होने से कुल 34 लोगों की जान चली गई थी।

प्रोविंशियल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (पीडीएमए) के अनुसार, खदान में मीथेन गैस जमा होने के बाद हुए विस्फोट में 34 श्रम‍िकों के शव निकाले गए थे। धमाके के बाद खदान का एक बड़ा हिस्सा ढह गया था, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे फंस गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे के समय खदान में कुल 41 खनिक मौजूद थे। यह घटना एक बार फिर पाकिस्तान की कोयला खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां गैस रिसाव और खदान धंसने जैसी घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं।

Tags:    

Similar News