जौनपुर में हत्यारोपी बसपा नेता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की जौनपुर जिला पुलिस ने हत्या के मामले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया
जौनपर। उत्तर प्रदेश की जौनपुर जिला पुलिस ने हत्या के मामले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने आज जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरपतहा क्षेत्र के अतरौडा गांव निवासी 25 वर्षीय जय किशन का शव आठ फरवरी को रुधौली बाजार के पास शारदा सहायक नहर के किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला था।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी। काफी दिनों तक मामला दर्ज नहीं किया गया। बाद में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
उन्होंने कहा कि जयकिशन की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार शाम तीन आरोपियों बसपा नेता छोटेलाल ऊर्फ पलाहू गौतम, गणेश और राजेंद्र निवासी अर्सिया अतरौडा को गिरफ्तार किया जबकि इस मामले में अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं । गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद आज जेल भेज दिया।