मध्य प्रदेश : मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने ली विधायक पद की शपथ
Swearing-in ceremony of newly elected members of Madhya Pradesh Assembly. Chief Minister Dr. Mohan Yadav and other senior members took oath as MLAs.;
मध्य प्रदेश विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह
भोपाल, 18 दिसंबर। नवगठित सोलहवीं विधानसभा के चार दिवसीय विशेष के पहले दिन आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने विधायक पद की शपथ ग्रहण की।
सदन की कार्यवाही का संचालन सामयिक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) गोपाल भार्गव ने किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विधायक पद की शपथ ग्रहण की और आवश्यक दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शपथ ली।
शपथ ग्रहण करने के क्रम में वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वरिष्ठ सदस्य कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और अन्य सदस्यों ने इस कार्य को विधिसम्मत ढंग से पूर्ण किया। पूर्व मंत्री जयंत मलैया, श्रीमती अर्चना चिटनिस और अन्य सदस्यों ने भी विधायक पद की शपथ ली।
दो दिन चलेगा विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह
नवनिर्वाचित सदस्यों द्वारा शपथ ग्रहण करने का क्रम आज और कल जारी रहेगा। आज से प्रारंभ हुआ चार दिवसीय विशेष सत्र गुरुवार तक प्रस्तावित है। इस दौरान सभी 230 विधायकों को शपथ दिलायी जाएगी। बीस दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा और इसी दिन राज्यपाल का अभिभाषण प्रस्तावित है।