सीधी मामला : कांग्रेस की पीड़ित युवक को दो करोड़ रुपए मुआवजे की मांग

मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने आज प्रदेश के सीधी जिले के वायरल वीडियो के मामले में पीड़ित युवक को दो करोड़ रुपए मुआवजे और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।

Update: 2023-07-05 17:21 GMT

भोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने आज प्रदेश के सीधी जिले के वायरल वीडियो के मामले में पीड़ित युवक को दो करोड़ रुपए मुआवजे और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।

कांतिलाल भूरिया ने संवाददाताओं से चर्चा में आरोप लगाया कि आदिवासी उत्पीड़न को लेकर भारतीय जनता पार्टी कितने निचले स्तर पर उतर आई है, इसे इस प्रकरण के पूरे घटनाक्रम से समझा जा सकता है। पहले तो भाजपा नेता आदिवासी युवक के साथ आमनवीय व्यवहार करता है, उसके बाद उसके परिवार को इतना डराया जाता है कि वे कई दिन पुलिस में शिकायत नहीं कर पाते। उसके बाद पीड़ित से जबरन एक हलफनामा लिखवाया जाता है कि ये वीडियो फर्जी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी प्रवेश शुक्ला के चाचा ने आरोपी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट घटना का वीडियो वायरल होने के तीन-चार दिन पहले ही दर्ज करा दी। उन्होंने पुलिस पर भी मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया।
कांतिलाल भूरिया ने कहा कि पूरे मामले को ध्यान से देखे तो समझ में आता है कि भाजपा विधायक और उसके विधायक प्रतिनिधि सत्ता के मद में कैसे काम कर रहे हैं। यह पहला मौका नहीं है जब मध्यप्रदेश में आदिवासी अत्याचार का इतना भयानक मामला सामने आया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेता श्री भूरिया ने कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई को दी जाए। पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपए मुआवजा दें।

Tags:    

Similar News