महाराष्ट्र में गोहत्या पर लगेगा मकोका, भाजपा-शिवसेना ने सीएम फडणवीस के फैसले का किया समर्थन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गायों की हत्या और मवेशियों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान करते हुए कहा है कि बार-बार ऐसा करने वालों पर मकोका के तहत केस दर्ज किया जाएगा;
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गायों की हत्या और मवेशियों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान करते हुए कहा है कि बार-बार ऐसा करने वालों पर मकोका के तहत केस दर्ज किया जाएगा। इस पर शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए इस फैसले को स्वागतयोग्य बताया है। उन्होंने कहा कि गायों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है।
शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े कहते हैं, "मैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का समर्थन करता हूं। गाय हमारी माता है और गायों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। इसके लिए हमारी सरकार देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजित पवार ने यह फैसला किया है कि गाय तस्करी में शामिल सभी लोगों पर मकोका कानून लगाया जाएगा। बोर्डर पोस्ट पर विजिलेंस चेक लगाया जाएगा।
वहीं, दिल्ली में भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "भारतीय संस्कृति में गाय को मां का दर्जा दिया गया है। इसीलिए हम उन्हें गोमाता कहते हैं और उनकी पूजा करते हैं। मैं देवेंद्र फडणवीस की बात से पूरी तरह सहमत हूं कि इसके बावजूद अगर कोई गायों की हत्या में शामिल पाया जाता है, तो उसे सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए और उस पर सबसे कड़े कानूनों के तहत केस दर्ज होना चाहिए। यह एक मिसाल बननी चाहिए कि जो भी ऐसे कामों में लिप्त होगा, उसे कानून का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर के बयान पर शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ एक बयान दिया है। यह बहुत ही गलत बयान है। हुमायूं कबीर ने कहा है कि बलिदान दिए जाएंगे। बकरियों, घोड़ों, गायों और यहां तक कि ऊंटों की भी बलि दी जाएगी।
कृष्णा हेगड़े ने कहा कि मैं उनसे कहना चाहता हूं कि आपको अपने धर्म मानने का अधिकार है, लेकिन दूसरे धर्म को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। गाय के बारे में आप बात न ही करें तभी ठीक है। महाराष्ट्र में सख्त कानून है कि गाय पर अत्याचार करने वाले के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई होगी।