मध्यप्रदेश में परंपरागत तरीके से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस आज परंपरागत तरीके से हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।
भोपाल । राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस आज परंपरागत तरीके से हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन यहां मोती लाल नेहरू स्टेडियम में हुआ, जहां मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर भव्य और आकर्षक परेड की सलामी ली।
इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि राज्य सरकार वचनपत्र में दिए गए वचनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री जय किसान ऋण माफी योजना के पहले चरण में 20 लाख 10 हजार किसानों के 50 हजार रूपए तक के चालू ऋण और दो लाख रूपए तक के डिफाल्टर ऋण काे माफ किया गया है। शेष किसानों के ऋण भी माफ किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का गठन 25 दिसंबर को हुआ और इन आठ माह के दौरान लोकसभा चुनाव और आदर्श आचार संहिता के कारण लगभग पांच माह ही सरकार को कार्य करने के लिए मिले। पूर्ववर्ती सरकार से खजाना खाली मिला, इसके बावजूद सरकार पांच वर्षों के दौरान वचनपत्र में दिए गए अपने सभी वचनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य के इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, होशंगाबाद, नरसिंहपुर और अन्य स्थानों से भी बारिश के बावजूद स्वतंत्रता दिवस पूर्ण उत्साह के साथ मनाए जाने के समाचार मिले हैं। विभिन्न जिला मुख्यालयों पर मंत्रियों, अन्य जनप्रतिनिधियों और कलेक्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और आकर्षक परेड की सलामी ली।