हरीश रावत का आरोप- राज्य गीत को ठंडे बस्ते में डालना उत्तराखंड की भावना का अपमान

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि राज्य गीत को ठंडे बस्ते में डालना प्रदेश की भावना का अपमान है

Update: 2026-02-07 04:54 GMT

देहरादून में कांग्रेस का कार्यक्रम, नरेंद्र सिंह नेगी ने गाया राज्य गीत

  • नेगी बोले- मातृभूमि के लिए बनाया गीत, उपेक्षा से आहत हूँ
  • भाजपा सरकार पर निशाना, रावत ने कहा- राज्य की धरोहर को भुलाया गया

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि राज्य गीत को ठंडे बस्ते में डालना प्रदेश की भावना का अपमान है।

देहरादून में बल्लीवाला चौक में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उत्तराखंड के राज्य-गीत की वर्षगांठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह राज्य गीत उत्तराखंड के लोग गायक नरेंद्र सिंह नेगी और अनुराधा निराला ने गाया है। इस गीत के संगीत निर्देशक खुद नरेंद्र सिंह नेगी हैं।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप मे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में खुद नरेंद्र सिंह नेगी शामिल हुए।

कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह नेगी ने राज्य गीत की कुछ पंक्तियां गायी और अपने संबोधन में कहा कि यह गीत उन्होंने अपने राज्य के लिए बनाया। इसके लिए सरकार से उन्होंने कोई पारिश्रमिक नहीं लिया, क्योंकि यह मेरी मातृभूमि के प्रति सेवा थी।

लेकिन जिस प्रकार इस गीत को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, वह अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है, मैं व्यक्तिगत रूप से राज्य-गीत की उपेक्षा से बहुत आहत हूँ।

कार्यक्रम के समापन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री श्री रावत ने वहां मौजूद पत्रकारों से कहा कि राज्य गठन के 15 वर्षों बाद उत्तराखंड को उसकी पहचान देने वाला राज्य गीत मिला था।

यह किसी एक सरकार का नहीं, बल्कि पूरे राज्य की धरोहर है। किंतु संकीर्ण राजनीतिक सोच और श्रेय लेने की होड़ में भाजपा सरकार ने इसे भुला दिया, जो उत्तराखंड की भावना के साथ अन्याय है।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, लोक चेतना और देवभूमि की आत्मा को स्वर देने वाला राज्य का आधिकारिक गीत उत्तराखंड देवभूमि–मातृभूमि आज सरकारी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।

यह वही राज्य गीत है, जिसे छह फरवरी 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य की जनता को समर्पित किया गया था।

Tags:    

Similar News