शेख हसीना को वापस भेजें तभी भारत आएंगे तारिक रहमान? बांग्लादेश ने रखी बड़ी शर्त
बांग्लादेश ने तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा को लेकर शेख हसीना के प्रत्यर्पण और अन्य मुद्दों पर अनुकूल माहौल की जरूरत बताई है। जानें पूरा मामला।;
करीम के मुताबिक, 5 अगस्त को नई दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस वार्ता का असर भी तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा पर पड़ा है। बांग्लादेश का कहना है कि उच्चस्तरीय दौरे के लिए दोनों देशों के बीच बेहतर माहौल बनाया जाना जरूरी है।
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग
बांग्लादेश सरकार ने भारत से द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना और अन्य वांछित आरोपियों को वापस भेजने का अनुरोध किया है। ढाका का कहना है कि भारत में मौजूद ऐसे लोगों को जल्द से जल्द बांग्लादेश को सौंपा जाना चाहिए।
इसके अलावा बांग्लादेश ने राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या के आरोपियों के प्रत्यर्पण की भी मांग की है। रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या के आरोपियों में शामिल दो लोगों को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने मार्च में उत्तर 24 परगना जिले के सीमावर्ती शहर बनगांव से गिरफ्तार किया था।
शेख हसीना की प्रेस वार्ता पर जताई आपत्ति
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस वार्ता को लेकर भी आपत्ति जताई है। ढाका का कहना है कि बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण द्वारा शेख हसीना को दोषी ठहराए जाने के बाद भारत में उनकी सार्वजनिक प्रेस वार्ता से दोनों देशों के संबंधों के लिए अनुकूल माहौल प्रभावित हुआ।
वहीं, भारत ने स्पष्ट किया है कि शेख हसीना की प्रेस वार्ता से भारत सरकार का कोई संबंध नहीं था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि बांग्लादेश की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण का अनुरोध भारत के विचाराधीन है।
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने का न्योता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को भारत में होने वाले आगामी ब्रिक्स समिट के सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। भारत 12 और 13 सितंबर को वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
बांग्लादेश को मौजूदा बिमस्टेक अध्यक्ष के तौर पर इस विशेष सत्र में आमंत्रित किया गया है। बिम्सटेक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड, म्यांमार, नेपाल और भूटान शामिल हैं। ऐसे में तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।