राहुल गांधी का सीबीएसई रिजल्ट पर बड़ा हमला, कहा- लाखों छात्रों के भविष्य से हुआ खिलवाड़

राहुल गांधी ने सीबीएसई परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए COEMPT कंपनी और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने न्यायिक जांच और एसआईटी गठन की मांग की।;

Update: 2026-05-27 09:16 GMT

नई दिल्ली।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीबीएसई परीक्षा परिणाम को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सीबीएसई परीक्षा परिणाम में भारी गड़बड़ी हुई है, जिससे देश के लाखों छात्र और उनके अभिभावक सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले पर जवाब देने से बच रही है।

राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि जिस कंपनी COEMPT को परीक्षा प्रक्रिया की जिम्मेदारी दी गई, उसका पुराना रिकॉर्ड विवादों से जुड़ा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यही कंपनी पहले Globarena नाम से तेलंगाना में भी विवादों में रह चुकी है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नाम बदलने के बावजूद कंपनी की कार्यप्रणाली नहीं बदली और इसके बावजूद उसे बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई।

‘18.5 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर’

राहुल गांधी ने कहा कि करीब 18.5 लाख छात्रों के भविष्य को ऐसी कंपनी के हवाले कर दिया गया, जिस पर पहले भी सवाल उठ चुके थे। उन्होंने इसे केवल गलती नहीं बल्कि “सोचा-समझा षड्यंत्र” करार दिया। कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाया कि आखिर COEMPT को CBSE का ठेका किस आधार पर दिया गया और चयन प्रक्रिया में किन नियमों को नजरअंदाज किया गया।

उन्होंने यह भी पूछा कि कंपनी के पुराने विवादित रिकॉर्ड की जांच क्यों नहीं की गई और क्या कंपनी प्रबंधन तथा केंद्र सरकार के बीच किसी प्रकार का संबंध है।

SIT और न्यायिक जांच की मांग

राहुल गांधी ने मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच और विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के असली दोषियों को सामने लाया जाना चाहिए ताकि छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कायम रह सके।

अपने संदेश में उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और भविष्य को कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले की तह तक जाएगी और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। हालांकि अब तक सीबीएसई या केंद्र सरकार की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Tags:    

Similar News