अफगानिस्तान में पाक की एयरस्ट्राइक, मारे गए TTP के दर्जनों लड़ाके, बमबारी पर भड़का तालिबान ने दी धमकी
पाकिस्तान में आत्मघाती हमलों के बाद अफगानिस्तान के सीमाई इलाकों में एयरस्ट्राइक की गई है। इस एयरस्ट्राइक में दो दर्जन से ज्यादा टीटीपी लड़ाकों के मारे जाने की खबर है।
काबुल। पाकिस्तान ने रविवार तड़के ही अफगानिस्तान की सीमा पर एयरस्ट्राइक की है। रिपोरट्स के मुताबिक पाकिस्तान ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों को निशाना बनाया है। इस स्ट्राइक में टीटीपी के दर्जनों लड़ाकों के मारे जाने की खबर है। सोशल मीडिया पर एयरस्ट्राइक के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें देखा जा सकता है कि हमला कितना बड़ा था।
आत्मघाती हमले का बदला?
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के खैबर बख्तूनख्वामें शनिवार को हुए आत्मघाती हमलों के बाद यह कदम उठाया गया है। शनिवार को खुफिया जानकारी पर आधारित एक अभियान के दौरान हुए आत्मघाती हमले में दो सुरक्षाकर्मी मारे गए। सेना की मीडिया शाखा के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में चलाए गए अभियान के दौरान फितना अल-ख्वारिज के पांच ख्वारिज भी मारे गए थे।
पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए फितना-अल-ख्वारिज नाम का इस्तेमाल करती है। प्रवक्ता के मुताबिक, यह अभियान क्षेत्र में एक आत्मघाती हमलावर सहित कई ख्वारिजों (आतंकवादियों) की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक काफिले को निशाना बनाया था। प्रवक्ता के अनुसार, बन्नू शहर में सुरक्षाबलों ने वाहन सवार आत्मघाती हमलावर को रोक लिया, जिससे आम नागरिकों और कानून प्रवर्तन अधिकारियों को निशाना बनाने की उसकी योजना पर पानी फिर गया। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई, जिसमें पांच ख्वारिज मारे गए थे।
अफगानिस्तान के पक्तिका में मदरसे पर हमला
अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में एक धार्मिक मदरसे पर पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा हवाई हमला किया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस कार्रवाई में लड़ाकू विमानों ने बरमल के अलावा नंगरहार प्रांत के खोगयानी जिले में भी कई ठिकानों को निशाना बनाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक पक्तिका के बरमल और अर्गुन तथा नंगरहार के खोगयानी, बहसूद और गनी खेल जिलों में कई हवाई हमले किए गए हैं।
हालिया आत्मघाती हमलों के बाद कार्रवाई
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में पाकिस्तान में आतंकी हमलों में तेजी आई है। बाजौर जिले में एक आत्मघाती हमलावर ने सुरक्षा चौकी को निशाना बनाकर 11 सैनिकों और एक बच्चे की जान ले ली थी। इसके अलावा बन्नू जिले में भी एक और आत्मघाती हमले में दो सैनिक मारे गए। पाकिस्तानी सेना ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वह जिम्मेदार लोगों के खिलाफ स्थान की परवाह किए बिना कार्रवाई करेगी। इस बयान से इस्लामाबाद और काबुल के बीच बढ़ते तनाव के संकेत मिले थे।
अफगान धरती से साजिश का आरोप
अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि हाल के हमले, जिनमें इस महीने इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद पर हुआ आत्मघाती हमला भी शामिल है, अफगानिस्तान में बैठे नेतृत्व के इशारे पर अंजाम दिए गए। पाकिस्तान का आरोप है कि टीटीपी अफगान क्षेत्र से संचालित हो रहा है, हालांकि काबुल और टीटीपी दोनों इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं।
बढ़ता सीमा तनाव
2021 में अफगान तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। अक्तूबर में सीमा पर झड़पों में दर्जनों लोगों की मौत हुई थी। कतर की मध्यस्थता से युद्धविराम तो कायम है, लेकिन स्थायी समझौता अब तक नहीं हो सका है।
अफगानिस्तान के साथ बढ़ेगा तनाव?
बता दें कि पाकिस्तान पहले भी अफगानिस्तान के सीमाई इलाकों में एयरस्ट्राइक कर चुका है। जब भी उसने ऐसा किया है, तालिबान के साथ तनाव बढ़ गया है। कई बार सीमाई इलाकों में गोलीबारी भी शुरू हो गई और युद्ध जैसी स्थिति बन गई। इस बार भी ऐसी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है।
तालिबान ने काबुल-कंधार में बुलाईं आपात बैठकें
पक्तिका और नांगरहार में पाकिस्तान के हवाई हमलों के बाद तालिबान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हालात पर चर्चा और आगे की रणनीति तय करने के लिए काबुल और कंधार में आपात बैठकें बुलाईं हैं। सूत्रों ने कहा, 'पाकिस्तानी हमलों पर अभी कुछ भी निश्चित रूप से कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन काबुल निश्चित रूप से जवाबी कार्रवाई करेगा।' इससे संकेत मिलते हैं कि आंतरिक विचार-विमर्श के बाद अफगान तालिबान की ओर से पाकिस्तानी हमलों के खिलाफ औपचारिक प्रतिक्रिया हो सकती है।
अफगानिस्तान की पाकिस्तान को चेतावनी
अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने रविवार को कहा कि हम पाकिस्तान के हवाई हमलों का आकलन कर रहे हैं और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस घटना के बाद अफगान-पाकिस्तान सीमा पर तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में पाकिस्तान पर अफगान संप्रभुता के उल्लंघन करने और बेकसूर नागरिकों पर हमला करने का आरोप लगाया। पाकिस्तानी हवाई हमलों में एक ही परिवार के 19 लोगों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि अभी तक अफगान तालिबान की ओर से किसी तात्कालिक प्रतिक्रिया की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन नेतृत्व ने संकेत दिया है कि जवाबी कार्रवाई का विकल्प खुला है। सूत्रों ने तालिबान के हवाले से कहा, 'पाकिस्तान ने अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और अफगानिस्तान को जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है। हम सही समय पर जवाबी हमला करेंगे।'