लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित, एंटी पेपर लीक बिल पर आज होगी अहम चर्चा
लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के बीच दोपहर 2 बजे तक स्थगित। आज एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक 2026 पर चर्चा होगी, जबकि राज्यसभा में MSME और राष्ट्रीय सम्मान संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे।;
ओम बिरला ने संवाद और चर्चा पर दिया जोर
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंच है, जहां सभी दलों को अपने विचार रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चले, चर्चा और संवाद हो तथा देश को सकारात्मक संदेश मिले कि संसद में लोकतांत्रिक तरीके से महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाता है।
मंगलवार को लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। यह विधेयक परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने के उद्देश्य से लाया गया है।
राज्यसभा में भी अहम विधेयक होंगे पेश
उधर, राज्यसभा में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विकास संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित कराने की भी तैयारी है।
संसद के दोनों सदनों में आज कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य प्रस्तावित हैं। ऐसे में सरकार चाहती है कि सदन की कार्यवाही बिना व्यवधान के चले, जबकि विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। अब दोपहर 2 बजे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर सभी की नजरें एंटी पेपर लीक विधेयक पर होने वाली चर्चा पर टिकी रहेंगी।