यूपी के जौनपुर में दूल्हे को गोलियों से भूनने वाले रवि यादव काे एनकाउंटर में मार गिराया,एक लाख का था इनाम

उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जिले में बीते एक मई को आजाद बिंद की हत्या को अंजाम दिया गया था। इस मामले में सोमवार की सुबह एसओजी और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी रवि यादव ढेर हो गया। उसने पुलिस पर फायरिंग की थी।;

Update: 2026-05-25 04:07 GMT
जौनपुर। UP Encounter News: जौनपुर में चर्चित दूल्हा हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। देर रात हुई मुठभेड़ में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम के दो जवान बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण बाल-बाल बच गए। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास हुई। पुलिस और एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी रवि यादव इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। वहीं खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

यह है मामला

एक मई को शादी के लिए बारात लेकर जा रहे 25 वर्षीय आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने मामले में सात लोगों को मुख्य आरोपी बनाया था। इनमें प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

घटना के बाद से पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस की दस टीमें दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और नेपाल तक छापेमारी कर रही थीं। इसी दौरान रवि यादव के खेतासराय क्षेत्र में होने की सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

Tags:    

Similar News