‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद में समय रैना को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने सभी एफआईआर कीं रद्द

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने समय रैना और चार अन्य के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर रद्द कर दीं। दिव्यांगों से जुड़े कंटेंट पर व्यापक दिशानिर्देशों को लेकर सुनवाई जारी रहेगी।;

Update: 2026-08-14 11:04 GMT

नई दिल्ली। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद में स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना और चार अन्य लोगों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को उनके खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी और उनसे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द करने का आदेश दिया। ये मामले शो के एक एपिसोड में दिव्यांग व्यक्तियों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणियों से जुड़े थे।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थीं। अदालत ने माना कि आरोपियों ने पहले दिए गए निर्देशों के अनुरूप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए धन जुटाने की दिशा में प्रयास किए हैं।

इन लोगों के खिलाफ दर्ज थीं एफआईआर

समय रैना के अलावा विपुल गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर उर्फ सोनाली आदित्य देसाई और निशांत जगदीश तंवर के खिलाफ भी मामले दर्ज थे। अदालत ने इन सभी के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही समाप्त करने का निर्देश दिया।

मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आरोपियों की ओर से किए गए प्रयासों को देखते हुए उनके खिलाफ लंबित आपराधिक कार्यवाही जारी रखने की जरूरत नहीं है। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि युवा और प्रतिभाशाली लोगों को सकारात्मक दिशा में काम करने का अवसर मिलना चाहिए।

दिव्यांगों से जुड़े कंटेंट पर जारी रहेगी सुनवाई

FIR रद्द करने के बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले के व्यापक पहलू को खत्म नहीं किया है। पीठ अब इस बात पर विचार करेगी कि दिव्यांग व्यक्तियों से संबंधित कंटेंट में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए किस तरह के दिशानिर्देश बनाए जा सकते हैं।

अदालत का फोकस ऐसे कंटेंट पर बेहतर नियंत्रण और दिव्यांग लोगों की गरिमा की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय तय करने पर रहेगा। यानी आरोपियों से जुड़ी आपराधिक कार्यवाही भले ही समाप्त हो गई हो, लेकिन सोशल मीडिया और मनोरंजन सामग्री से जुड़े बड़े सवालों पर सुनवाई जारी रहेगी।

क्या है पूरा मामला?

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का विवादित एपिसोड 14 नवंबर 2024 को मुंबई के खार स्थित हैबिटेट में शूट किया गया था और बाद में प्रसारित हुआ था। एपिसोड में दिव्यांग व्यक्तियों और स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी जैसी बीमारी से जुड़े कथित असंवेदनशील बयानों को लेकर विवाद खड़ा हुआ था।

इसके बाद समय रैना और शो से जुड़े कई लोगों के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर शिकायतें और FIR दर्ज की गई थीं। ‘क्योर एसएमए इंडिया फाउंडेशन’ की याचिका में भी दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठाए गए थे।

रणवीर इलाहाबादिया का मामला अभी लंबित

इसी विवाद में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया का नाम भी सामने आया था। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। उनकी याचिका अभी लंबित है। इससे पहले शीर्ष अदालत ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया था।

Tags:    

Similar News