होर्मुज के रास्ते भारत आ रहे जहाज पर ईरान का हमला, जब्त कर ले गया वापस
भारतीय जहाज पर ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हमला करके जब्त कर लिया। ईरानी सेना ने कुल दो जहाजों को जब्त किया है, जिसमें से एक भारत का बताया जा रहा।;
नई दिल्ली। ईरान ने एक बार फिर से भारत आ रहे जहाज के खिलाफ कार्रवाई की है। होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते भारत आ रहे जहाज पर ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हमला करके जब्त कर लिया। ईरानी सेना ने कुल दो जहाजों को जब्त किया है।
ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया, ''होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को कथित तौर पर ईरान के IRGC ने जब्त कर लिया है और उन्हें ईरान ले जाया जा रहा है।''
गार्ड्स ने एक बयान में कहा, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने आज सुबह होर्मुज स्ट्रेट में दो नियम तोड़ने वाले जहाजों की पहचान की और उन्हें रोक लिया।
होर्मुज में तीन जहाजों पर की गई फायरिंग
ब्रिटिश सेना के यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (UKMTO) के मुताबिक, बुधवार सुबह होर्मुज में पहले एक कंटेनर जहाज पर ईरान ने फायरिंग की और कुछ देर बाद दूसरे जहाज़ को भी निशाना बनाया गया। बाद में ईरानी सरकारी टेलीविजन ने कहा कि इन जहाजों को IRGC की निगरानी में लेकर ईरान ले जाया जा रहा है। इनकी पहचान MSC Francesca और Epaminondas के रूप में की गई। इसके बाद, ईरान की समाचार एजेंसियों नूर न्यूज़, फ़ार्स और मेहर ने बताया कि IRGC ने एक तीसरे जहाज़ ‘Euphoria' पर भी हमला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जहाज ईरानी तट के पास फंसा हुआ बताया गया है, हालांकि इस पर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई।
मध्य पूर्व में 30 से ज्यादा जहाज़ों पर हमले
UKMTO ने कहा कि पहले जहाज पर हमला एक IRGC गनबोट द्वारा किया गया, जिसने फायरिंग से पहले जहाज को चेतावनी भी नहीं दी। एजेंसी के मुताबिक, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, ईरानी समाचार एजेंसी नूर न्यूज ने दावा किया कि फायरिंग तब की गई जब जहाज ने ईरानी सशस्त्र बलों की चेतावनियों को नजरअंदाज किया।
फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने इसे होर्मुज़ जलडमरूमध्य पर ईरान द्वारा अपने नियंत्रण को “कानूनी रूप से लागू करने” की कार्रवाई बताया। रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद शुरू हुए इस युद्ध के बाद से मध्य पूर्व में 30 से ज्यादा जहाज़ों पर हमले हो चुके हैं।
आखिर ईरान ने जहाजों पर हमला क्यों किया?
ईरान की अर्धसैनिक 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' ने बुधवार सुबह इस दुस्साहसी कार्रवाई को अंजाम दिया। खबरों के मुताबिक, ईरानी सेना ने पहले एक कंटेनर जहाज पर गोलियां चलाईं और उसके कुछ ही देर बाद दूसरे जहाज को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया का दावा है कि इन जहाजों ने सेना की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था, इसलिए उन पर कानूनी रूप से कार्रवाई की गई। पकड़े गए जहाजों की पहचान एमएससी फ्रांसिस्का और एपाामिनोड्स के रूप में हुई है, जिन्हें ईरानी सेना अपने साथ ले गई है। इसके कुछ देर बाद एक तीसरे जहाज यूफोरिया पर भी हमला किया गया, जिसके ईरानी तट पर फंसे होने की खबर है।
ट्रंप का संघर्षविराम का फैसला काम नहीं आया?
यह हमला उस वक्त हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को खत्म होने वाले संघर्षविराम को अनिश्चित काल के लिए बढ़ाने का ऐलान किया था। ट्रंप ने उम्मीद जताई थी कि इससे बातचीत का रास्ता खुलेगा। हालांकि, ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि ईरान के बंदरगाहों की घेराबंदी जारी रहेगी। ईरान इसी बात से नाराज है। ईरान के कूटनीतिज्ञों का कहना है कि जब तक अमेरिका अपनी घेराबंदी नहीं हटाता, तब तक वे किसी भी तरह की शांति वार्ता के लिए मेज पर नहीं आएंगे। यानी सीजफायर होने के बावजूद समुद्र में छिड़ी यह जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
समुद्री जंग का क्या असर कितना?
होर्मुज में बढ़ते तनाव का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (बेंट क्रूड) की कीमत 98 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जो युद्ध शुरू होने के बाद से 35 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। तेल और गैस की सप्लाई रुकने या महंगी होने से न केवल पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, बल्कि खाने-पीने की चीजों और अन्य सामानों की ढुलाई भी महंगी हो गई है। अगर यह समुद्री रास्ता लंबे समय तक बंद रहा या यहां हमले जारी रहे, तो वैश्विक मंदी का खतरा और बढ़ जाएगा और आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल हो जाएगा।
पाकिस्तान और अन्य देशों की स्थिति क्या?
शांति की कोशिशों के बीच पाकिस्तान के अधिकारी अभी भी ईरान की तरफ से किसी सकारात्मक जवाब का इंतजार कर रहे हैं। इस्लामाबाद अगले दौर की वार्ता की मेजबानी करना चाहता है, लेकिन ईरान ने अब तक अपने प्रतिनिधिमंडल को भेजने की पुष्टि नहीं की है। मिस्र में मौजूद ईरानी राजनयिक मुजतबा फिरदौसी पोर ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका अपनी घेराबंदी खत्म नहीं करता, तब तक कोई भी ईरानी दल पाकिस्तान नहीं जाएगा। इससे साफ है कि कूटनीति इस वक्त पूरी तरह ठप पड़ी है और हथियारों की होड़ बढ़ती जा रही है।
युद्ध में अब तक कितना नुकसान हुआ?
28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमलों से शुरू हुए इस युद्ध ने अब तक हजारों लोगों की बलि ले ली है। आंकड़ों के मुताबिक, ईरान में अब तक कम से कम 3,375 लोग मारे जा चुके हैं। लेबनान में भी स्थिति भयावह है, जहां 2,290 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस्राइल में 23 नागरिक और लेबनान में लड़ रहे 15 सैनिक मारे गए हैं। वहीं, खाड़ी देशों में भी एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। क्षेत्र में तैनात 13 अमेरिकी सैनिकों ने भी इस संघर्ष में अपनी जान गंवाई है।
ईरान के तेवर फिलहाल नरम पड़ते नहीं दिख रहे हैं। रिवोल्यूशनरी गार्ड ने धमकी दी है कि वे दुश्मन की कल्पना से परे जाकर करारा प्रहार करेंगे। ईरान में कट्टरपंथी समर्थक रैलियां निकाल रहे हैं और अपनी मिसाइल ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं लेबनान में इस्राइल और हिजबुल्लाह के बीच भी संघर्ष जारी है। हालांकि वहां 10 दिनों का सीजफायर लागू है, लेकिन दोनों तरफ से दावों और जवाबी हमलों ने इसे कमजोर कर दिया है। जब तक कोई ठोस कूटनीतिक समझौता नहीं होता, तब तक समुद्र से लेकर जमीन तक मौत का यह खेल जारी रहने की आशंका है।