अखिलेश यादव का बड़ा एलान, भाजपा राज में बंद 26 हजार स्कूलों को फिर खोलेगी सपा सरकार
अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि सपा सरकार बनने पर भाजपा शासन में बंद किए गए करीब 26 हजार स्कूलों को फिर खोला जाएगा। उन्होंने रोजगार, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।;
बंद स्कूलों को दोबारा खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर बंद किए गए स्कूलों को फिर से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि PDA समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और अवसर दिलाने के लिए उनकी पार्टी काम करेगी। शिक्षा के साथ-साथ सरकारी संस्थानों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें सरकार के बचे हुए कार्यकाल में एक लाख नौकरियां देने की बात कही गई है। अखिलेश ने कहा कि अब सरकार के पास समय ही कितना बचा है। उन्होंने दावा किया कि सपा की सरकार बनने पर रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग में ऑडिट का वादा
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की सड़कों की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई सड़कों पर गड्ढे हैं और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अखिलेश ने कहा कि सत्ता में आने के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार PWD विभाग का ऑडिट कराएगी और यह सामने लाएगी कि सरकारी कामों में कितना पैसा खर्च हुआ और कथित तौर पर कितना भ्रष्टाचार हुआ।
उन्होंने सिंचाई विभाग को लेकर भी अनियमितताओं के आरोप लगाए और कहा कि इस विभाग में भी घोटाले की जांच कराई जाएगी।
मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने मंदिर में दान की राशि से जुड़े विवाद को लेकर भी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला व्यक्ति भी मंदिर में चोरी नहीं करता, लेकिन भाजपा सरकार के दौरान मंदिर के दान के धन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
अखिलेश ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों के अपराधी वारदात करने के लिए यूपी आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ‘बुलडोजर नीति’ के बावजूद अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मिलावटी पेट्रोल और महंगाई जैसे मुद्दे भी उठाए। अखिलेश ने कहा कि त्योहारों के समय चीनी जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमत बढ़ने से आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार से बदलाव चाहती है।