जेलेंस्की-मैक्रों : वार्ता में यूक्रेन को हर जरूरी मदद देने का वादा

नई द‍िल्‍ली, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से वार्ता की। उन्‍होंने शांति हासिल करने की यूक्रेन की कोशिश को समर्थन देते रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि रूस मोर्चे पर फंस गया है और तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, ऐसे में फ्रांस यूक्रेन की रक्षा और स्थायी शांति के प्रयासों में साथ खड़ा रहेगा।;

By :  IANS
Update: 2026-10-16 06:57 GMT

नई द‍िल्‍ली, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से वार्ता की। उन्‍होंने शांति हासिल करने की यूक्रेन की कोशिश को समर्थन देते रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि रूस मोर्चे पर फंस गया है और तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, ऐसे में फ्रांस यूक्रेन की रक्षा और स्थायी शांति के प्रयासों में साथ खड़ा रहेगा।

राष्ट्रपति इमैनुएल ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट में ल‍िखा, ''रात मैंने राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से दोबारा बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि फ्रांस यूक्रेन और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। रूस ने मोर्चे पर आ रही मुश्किलों के बीच हालात को और गंभीर बनाने का रास्ता चुना है। ऐसे समय में यह बेहद जरूरी है कि हम सभी मिलकर यूक्रेन को अपनी रक्षा करने और अपने नागरिकों तथा जरूरी बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए हर जरूरी मदद और संसाधन उपलब्ध कराएं।''

उन्‍होंने पोस्‍ट में आगे ल‍िखा, ''मैंने यह भी दोहराया कि फ्रांस यूक्रेन को एक मजबूत और स्थायी शांति हासिल करने की उसकी कोशिश में लगातार समर्थन देता रहेगा। फ्रांस अपनी जिम्मेदारियां निभाता रहेगा और यूक्रेन के साथ खड़ा रहेगा।''

राष्ट्रपति जेलेंस्‍की ने इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत को महत्‍वपूर्ण बताया। जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि हम इस बात की सराहना करते हैं कि रूस की बढ़ती आक्रामकता का समाधान खोजने के लिए फ्रांस अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहा है।

उन्‍होंने 'एक्‍स' पोस्‍ट में ल‍िखा, ''हमारी बैठक के दौरान ही रूस ने लुत्स्क में यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर एक और ड्रोन हमला किया। इस हमले के कारण शहर में बिजली गुल हो गई। दुर्भाग्य से, हाल के दिनों में रूस की ओर से इस तरह के लगातार और खुलेआम किए जा रहे हमले लगभग बिना रुके जारी हैं।''

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति के उस प्रस्ताव को भी नजरअंदाज कर दिया है, जिसमें ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने और संघर्षविराम का आह्वान किया गया था। इसके अलावा, रूस अब स्टारलिंक सेवा में आ रही समस्याओं का फायदा उठाकर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने वाले जरूरी संसाधनों और सुविधाओं को अधिकतम नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

जेलेंस्‍की ने बताया क‍ि मैंने राष्ट्रपति मैक्रों के साथ इन चुनौतियों का मुकाबला करने के कई तरीकों पर चर्चा की। खास तौर पर, इस महीने यूक्रेन की वायु सेना को मजबूत करने के लिए नई सहायता पैकेज दिए जाएंगे। हम यूरोप की एंटी-बैलिस्टिक रक्षा प्रणाली पर भी काम तेज कर रहे हैं। लक्ष्य है कि 'फ्रेया' प्रणाली इस साल के अंत तक पूरी तरह काम करने लगे।

उन्‍होंने पोस्‍ट में आगे ल‍िखा, ''मैं राष्ट्रपति मैक्रों का आभारी हूं कि फ्रांस ने यूक्रेन से किए गए वादे के मुताबिक हथियारों के उत्पादन से जुड़ी सभी जरूरी लाइसेंस मंजूर कर दिए हैं। अब जरूरी है कि इन योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए।''

Tags:    

Similar News