चीन के विमानन लॉजिस्टिक्स का दायरा लगातार बढ़ा
तीन दिवसीय चीन विमानन परिवहन संघ (सीएटीए) विमानन सम्मेलन जारी है। सम्मेलन में जारी ‘चीन विमानन परिवहन विकास (2026)’ रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के विमानन लॉजिस्टिक्स का पैमाना लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और उद्योग में स्थिर और सकारात्मक विकास की स्थिति बनी हुई है।;
बीजिंग। तीन दिवसीय चीन विमानन परिवहन संघ (सीएटीए) विमानन सम्मेलन जारी है। सम्मेलन में जारी ‘चीन विमानन परिवहन विकास (2026)’ रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के विमानन लॉजिस्टिक्स का पैमाना लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और उद्योग में स्थिर और सकारात्मक विकास की स्थिति बनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में चीन के विमानन लॉजिस्टिक्स उद्योग ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। देश में नागरिक विमानन के जरिए माल और डाक का परिवहन पहली बार 1 करोड़ टन के आंकड़े को पार कर गया और कुल मात्रा 1 करोड़ 1 लाख 72 हजार टन तक पहुंच गई। यह पिछले साल की तुलना में 13.3 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर 44 लाख 2 हजार 500 टन माल और डाक का परिवहन हुआ, जो साल-दर-साल 22.1 प्रतिशत की वृद्धि है। कुल माल ढुलाई में अंतरराष्ट्रीय परिवहन की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से अधिक रही।
इसी दौरान, देशभर में 252 नए मालवाहक मार्ग शुरू किए गए, जिनमें 214 अंतरराष्ट्रीय मार्ग शामिल हैं। चीन में पूर्ण मालवाहक विमानों की संख्या बढ़कर 272 हो गई है। इनमें चौड़े धड़ वाले विमानों की हिस्सेदारी बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, विमानन लॉजिस्टिक्स विदेशी व्यापार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को सहारा देने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम है। फिलहाल यह क्षेत्र केवल अपने पैमाने का विस्तार करने से आगे बढ़कर गुणवत्ता और दक्षता सुधारने के महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहा है। माल की संरचना की बात करें, तो समय पर डिलीवरी की अधिक मांग वाले और उच्च मूल्य वाले सामान की हिस्सेदारी आने वाले समय में धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं, नागरिक विमानन प्राधिकरण के एक संबंधित अधिकारी ने कहा कि मौजूदा समय में बुद्धिमानीकरण उद्योग के उच्च गुणवत्ता वाले विकास का एक महत्वपूर्ण जरिया बन चुका है। अगले चरण में नागरिक विमानन प्राधिकरण आपूर्ति पक्ष के संरचनात्मक सुधार को लगातार आगे बढ़ाएगा और विमानन लॉजिस्टिक्स के डिजिटल और बुद्धिमान रूपांतरण को बढ़ावा देगा।