जर्मनी के मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया चुनाव के केंद्र में हैं आर्थिक मुद्दे

जर्मन राज्य सैक्सनी-अनहाल्ट में एएफडी की बड़ी जीत के बाद मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में चुनाव होने वाले हैं.;

Update: 2026-09-19 08:43 GMT

सैक्सनी-अनहाल्ट में एएफडी की बड़ी जीत के बाद मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में चुनाव होने वाले हैं. इस जर्मन राज्य में आर्थिक मुद्दे सबसे प्रमुख बन कर उभरे हैं.

जर्मनी के राज्य सैक्सनी अनहाल्ट में धुर दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर डॉयचलैंड (एएफडी) की जीत ने मानिए जर्मनी को झकझोर कर रख दिया है. कहने को सैक्सनी अनहाल्ट एक छोटा सा राज्य है, फिर भी कुल मतदान का लगभग 44 प्रतिशत वोट उन्हें ही पड़ा. एएफडी की इस जीत ने दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर दिया है.

दरअसल द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि जर्मनी में एक धुर दक्षिणपंथी पार्टी किसी राज्य सरकार का हिस्सा बनने के इतने करीब पहुंची हो. हालांकि ऐसा मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया राज्य में होने की संभावना कम है. यहां के लोग 20 सितंबर को मतदान करेंगे. राज्य की मुख्यमंत्री और सेंटर-लेफ्ट सोशल डेमोक्रेट नेता मानुएला श्वेजिग काफी लोकप्रिय हैं. फिर भी हाल के सर्वेक्षण दिखाते हैं कि सोशल डेमोक्रेट्स के लिए एकतरफा जीत की बजाए एएफडी के साथ कांटे की टक्कर रहेगी.

कम वेतन लेकिन मजबूत आर्थिक वृद्धि

पहले पूर्वी जर्मनी का हिस्सा रहे मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में बेरोजगारी दर फिलहाल में 7.8 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से थोड़ा ज्यादा है. यहां का औसत सकल वार्षिक वेतन लगभग 47,750 यूरो (52.62 लाख रुपये) है, जो जर्मन औसत से लगभग 6,000 यूरो (6.61 लाख रुपये) कम है. इसके बावजूद राज्य ने हाल के वर्षों में बेहतरीन आर्थिक वृद्धि देखी है.

आर्थिक मामलों के मंत्रालय के राज्य सचिव योखेन शुल्टे ने कहा "2020 के बाद से महंगाई को मद्देनजर रखते हुए भी राज्य की अर्थव्यवस्था में 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि पूरे जर्मनी के लिए यह आंकड़ा 4.6 प्रतिशत था."

मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में कृषि क्षेत्र काफी बड़ा है, हालांकि इसमें अपेक्षाकृत कम ही लोग काम करते हैं. जब यह राज्य पूर्वी जर्मनी का हिस्सा हुआ करता था, तब ये खेत पश्चिम जर्मनी की तरह निजी न होकर बड़े और सरकारी नियंत्रण वाले उद्यम जैसे थे, जिन्हें कृषि उत्पादन सहकारी समितियां कहा जाता था.

जर्मनी के एकीकरण के बाद भी इनमें से कई खेतों का आकार पहले जैसा बड़ा ही बना हुआ है. मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में एक आम कृषि कंपनी के पास लगभग 280 से 283 हेक्टेयर (700 एकड़ तक) जमीन होती है, जबकि पूरे देश का औसत केवल 65 हेक्टेयर के आसपास है.

राज्य की ये कृषि कंपनियां अपने बड़े आकार का लगातार फायदा उठा रही हैं. इन्हें निजी तौर पर चलाया जाता है. इससे उन्हें मजदूरों के स्किल इस्तेमाल करने, बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बनाने, एक ही जगह से खरीदारी करके ज्यादा कारोबारी ताकत हासिल करने और फसल बेचते समय बेहतर मोलभाव करने की क्षमता मिलती है.

जहाज निर्माण और पर्यटन क्षेत्र में कई नौकरियां

राज्य का दूसरा बड़ा उद्योग जहाज निर्माण और समुद्री सेवाएं हैं, जो आर्थिक उत्पादन में एक बड़ा हिस्सा निभाते हैं. जर्मनी के बाल्टिक सागर तट पर स्थित मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया को जर्मनी के रक्षा क्षेत्र में हुए हालिया निवेश उछाल का भी फायदा मिला है. इससे विसमर और स्ट्रालसुंड के प्रमुख शिपयार्डों में थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स जैसी कंपनियों और अन्य जहाज निर्माताओं के पास व्यापार और नौकरियां आई हैं.

पर्यटन राज्य का एक और महत्वपूर्ण क्षेत्र है. 1990 तक मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया पूर्वी जर्मनों के लिए छुट्टियां मनाने की बढ़िया जगह थी. बर्लिन की दीवार गिरने के बाद से पूर्व और पश्चिम के जर्मन लगातार बाल्टिक तट का रुख करते रहते हैं, और यह इलाका जर्मनी का दूसरा सबसे लोकप्रिय छुट्टियां मनाने का ठिकाना है.

जर्मनी: एक और राज्य चुनाव जीतने के कितने करीब है एएफडी?

इसके बावजूद, कम ही लोग पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत हैं. पर्यटन से जुड़ी कई नौकरियां सेवा क्षेत्र के काम से जुड़ी होती हैं, और साथ ही पर्यटन की कई नौकरियां मौसमी होती हैं. अर्थशास्त्र मंत्रालय और उद्योग रिपोर्टों के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, लगभग 1,50,000 से 1,60,000 नौकरियां प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पर्यटन पर निर्भर हैं. देश के अंदर बनी झीलों या बाल्टिक सागर तट के आसपास जल-आधारित पर्यटन से लगभग 19,000 नौकरियां जुड़ी हैं.

मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में कार निर्माताओं और केमिकल कंपनियों जैसे बड़े उद्यम बहुत कम हैं, जिससे राज्य और नागरिक सेवा क्षेत्र इस क्षेत्र का सबसे बड़ा नियोक्ता बन जाता है.

रॉस्टॉक स्थित आइडा क्रूज (एआईडीए) एक और बड़ा नियोक्ता है. इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में विनिर्माण सुविधाओं के साथ पवन चक्कियां बनाने वाली कंपनी नोर्डेक्स एसई भी बड़ी नियोक्ता है. जर्मन रेल ऑपरेटर डॉयचे बान अपने सेवा और रखरखाव केंद्रों के माध्यम से कई नौकरियां प्रदान करता है, और यही स्थिति रॉस्टॉक तथा सैसनिट्ज के प्रमुख बंदरगाहों की भी है.

जीवाश्म ईंधन और अक्षय ऊर्जा से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती

एक अन्य महत्वपूर्ण उद्योग ऊर्जा क्षेत्र है, जहां बाल्टिक सागर के रास्ते जर्मनी में बड़ी मात्रा में जीवाश्म ईंधन लाया जाता है. 2022 में रूस और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जब रूसी गैस का आयात रुक गया, तो लुबमिन के पास नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन के कनेक्शन पॉइंट का महत्व भी नहीं रहा. हालांकि, जर्मनी के तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) आयात का एक बड़ा हिस्सा अभी भी मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में ही उतारा, संसाधित और वितरित किया जाता है.

केवल तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधन से ही नहीं, बल्कि पवन और सौर ऊर्जा जैसे हरित स्रोतों से मिलने वाली ऊर्जा भी राज्य के लिए लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है. अगस्त में, लिडल और काउफलांड रीटेल चेन चलाने वाले श्वार्त्स ग्रुप ने घोषणा की थी कि वह रॉस्टॉक के दक्षिण में एक डाटा सेंटर के निर्माण में 5.6 अरब यूरो (61,726 करोड़ रुपये) का निवेश करेगा. राज्य की राजधानी श्वेरिन में इस परियोजना की प्रस्तुति के दौरान, कंपनी ने बताया है कि मेक्लेनबुर्ग-वेस्टर्न पोमेरेनिया में उसका कुल निवेश कई अरबों यूरो तक पहुंच सकता है.

Tags:    

Similar News