फिलीपींस में तबाही – भूस्खलन से 15 की मौत, ‘बावी’ का कहर

ताइवान और पूर्वी चीन की ओर बढ़ रहे विनाशकारी तूफान बावी के असर से फिलीपींस में भूस्खलन से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी है;

Update: 2026-07-10 22:49 GMT

तूफ़ान बावी की दस्तक – पूर्वी एशिया में हड़कंप, उड़ानें रद्द

  • ताइवान में अलर्ट – 29,000 सैनिक स्टैंडबाय, बाढ़-भूस्खलन की चेतावनी
  • चीन पर मंडरा रहा खतरा – फुजियान प्रांत से टकराएगा ‘बावी’
  • जापान में उड़ानें ठप – 2 लाख यात्री प्रभावित, सुपरमार्केट खाली

मनीला। ताइवान और पूर्वी चीन की ओर बढ़ रहे विनाशकारी तूफान बावी के असर से फिलीपींस में भूस्खलन से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी है।

'बावी' तूफान के खतरे को देखते हुए पूर्वी एशिया में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं उड़ानें रद्द की जा रही हैं और अधिकारी आपातकालीन तैयारियों में जुटे हैं।

फिलीपींस में तूफ़ान के असर से मिंडानाओ में भारी बारिश होने के कारण हुए भूस्खलन में कई परिवार दब गये। बचाव दल युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सप्ताहांत तक देश के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी।

ताइवान ने गंभीर बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है और मौसम का पूर्वानुमान लगाने वालों ने कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश कर अनुमान जताया है। देश के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि आपातकालीन प्रतिक्रिया और आपदा राहत कार्यों में मदद के लिए 29,000 से ज़्यादा सैनिकों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।

ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन ने कहा कि 'बावी' के आकार के हिसाब से 1987 के बाद यह द्वीप को प्रभावित करने वाला सबसे बड़ा तूफ़ान हो सकता है।

रिपोर्टों के मुताबिक तूफान के आने से पहले देश भर के लोग खाने-पीने का सामान और जरुरी चीजों के संग्रह के लिए तेजी से दुकानों की ओर भागे, जिससे कई शहरों में सुपरमार्केट के सामान लगभग खाली हो गये। किसानों ने जहां संभव हो वहां तेजी से फसल की कटाई की, जबकि मछुआरों ने अपनी नावें सुरक्षित कीं और तटीय अधिकारियों ने बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में हज़ारों रेत की बोरियां बांटीं।

चीन ने भी भारी व्यवधान की चेतावनी दी है क्योंकि तूफान फुजियान प्रांत की ओर बढ़ रहा है, जहां शनिवार को इसके तट से टकराने की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 'बावी' का विशाल आकार और ऊर्जा इसके अवशेषों और बाहरी बारिश वाले घेरों को ज़मीन के अंदर तक धकेल सकती है और संभवतः बोहाई सागर क्षेत्र सहित उत्तरी क्षेत्रों तक पहुंचा सकती है।

चीन के 'इंस्टीट्यूट ऑफ़ पब्लिक एंड एनवायरनमेंटल अफेयर्स' के डायरेक्टर मा जून ने चेतावनी दी है कि जिन प्रांतों को तूफान से निपटने का कम अनुभव है, उन्हें तैयारी के उपाय मज़बूत करने चाहिए क्योंकि यह सिस्टम उत्तर की ओर बढ़ रहा है।

जापान में साकिशिमा द्वीप समूह के लोग खराब मौसम की स्थिति के लिए तैयारी कर रहे हैं। तस्वीरों में घरों और दुकानों की खिड़कियों को मजबूत करते और सुरक्षा के लिए जाल लगाते हुए देखा जा सकता है। इस इलाके में एयरलाइंस ने तूफान से पहले अपनी सेवाएं रोक दी हैं। जापान एयरलाइंस ने शुक्रवार और शनिवार को 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे लगभग 20,000 यात्री प्रभावित हुए। ऑल निप्पॉन एयरवेज ने रविवार तक 160 से अधिक उड़ानें रद्द दी है। थाई एयरवेज और मलेशिया एयरलाइंस ने भी ताइपे आने-जाने वाली उड़ानें रोक दी हैं।

बावी तूफान ऐसे समय में आ रहा है जब दक्षिणी चीन के कुछ हिस्से इस सप्ताह की शुरुआत में आये 'मेसाक' तूफान से हुई तबाही से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। मेसाक की वजह से कम से कम 39 लोगों की मौत हो गयी है और 1,30,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया।

Tags:    

Similar News