मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल, आरोपी हिरासत में

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आलम को हिरासत में लिया है;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-31 17:31 GMT

यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

  • व्यापार मंडल की शिकायत पर पुलिस ने लिया हिरासत में

ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आलम को हिरासत में लिया है। आरोपी नगर में किराए के मकान में रहता है और मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।

रविवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ। वीडियो नगर के रेलवे रोड का बताया जा रहा है। इसमें एक यूट्यूब चैनल के लिए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों से बातचीत की जा रही थी। इसी दौरान आलम से भी बातचीत की गई। वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वीडियो को काफी लोगों ने देखा और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

मामला सामने आने के बाद नगर के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी आलम को हिरासत में ले लिया।

एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि व्यापार मंडल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह नगर में किराए पर रहता है और मूल रूप से गोरखपुर का निवासी बता रहा है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Similar News