नोएडा की सोसाइटी में पिटबुल को लेकर हंगामा, किरायेदार से फ्लैट खाली कराने की मांग
सेक्टर-77 स्थित एक सोसाइटी में शनिवार को पिटबुल डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोसाइटी के लोगों ने आरोप लगाया कि किरायेदार द्वारा पाला गया पिटबुल पहले भी कई लोगों को काट चुका है;
नोएडा। सेक्टर-77 स्थित एक सोसाइटी में शनिवार को पिटबुल डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोसाइटी के लोगों ने आरोप लगाया कि किरायेदार द्वारा पाला गया पिटबुल पहले भी कई लोगों को काट चुका है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इसी के साथ किराया विवाद को लेकर भी स्थानीय लोग एकत्र हो गए और किरायेदार से फ्लैट खाली कराने तथा पिटबुल को सोसाइटी से हटाने की मांग करने लगे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-113 पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि पिटबुल डॉग से संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा।
कानूनी प्रक्रिया की जानकारी
इसके साथ ही पुलिस ने सोसाइटी के लोगों को बताया कि फ्लैट खाली कराने से जुड़ा मामला सक्षम न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए इसके लिए कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी।
पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।