सर्वर ने रोकी एसएससी परीक्षा, दो हजार अभ्यर्थियों को लौटना पड़ा

नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण एसएससी सीएचएसएल परीक्षा शुरू नहीं हो सकी;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-09-08 16:45 GMT

डेढ़ घंटे इंतजार के बाद परीक्षा निरस्त, गुस्साए अभ्यर्थियों ने केंद्र पर किया हंगामा

  • एसएससी उत्तर क्षेत्र ने 13 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का दिया आश्वासन

ग्रेटर नोएडा। नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण एसएससी सीएचएसएल परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। करीब दो हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए सुबह ही केंद्र पर पहुंच गए थे। प्रवेश और बायोमीट्रिक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर पर परीक्षा शुरू करने का प्रयास किया तो व्यवस्था बार-बार विफल होती रही।

केंद्र के तकनीकी कर्मचारियों ने सर्वर को दोबारा शुरू करने समेत कई प्रयास किए, लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी। करीब डेढ़ घंटे तक परीक्षा शुरू होने का इंतजार करने के बाद अभ्यर्थियों का धैर्य जवाब दे गया। बड़ी संख्या में छात्र केंद्र के बाहर एकत्र हो गए और परीक्षा रद्द होने की आशंका को लेकर हंगामा करने लगे।

अभ्यर्थियों का कहना था कि वे दूर-दराज के जिलों से परीक्षा देने पहुंचे थे। कई छात्र उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और राजस्थान से भी आए थे। उनका आरोप था कि केंद्र की ओर से काफी देर तक उन्हें यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि परीक्षा कब शुरू होगी। एक अभ्यर्थी ने बताया कि वह सुबह करीब नौ बजे केंद्र पहुंच गया था। परीक्षा के लिए बाहर से कमरा किराये पर लिया था, लेकिन अब सर्वर खराब होने के कारण बिना परीक्षा दिए लौटना पड़ रहा है।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर नालेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद केंद्र प्रबंधन ने एसएससी उत्तर क्षेत्र के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। तकनीकी समस्या ठीक नहीं होने पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया।

केंद्र पर अभ्यर्थियों को सूचना दी गई कि निरस्त परीक्षा 13 सितंबर को दोबारा कराई जाएगी। इसके लिए नया प्रवेश पत्र जारी किए जाने की बात भी कही गई है। हालांकि, अभ्यर्थियों को अब एसएससी की वेबसाइट और आधिकारिक सूचना का इंतजार है। पुलिस के अनुसार मौके पर किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हो गई और केंद्र के आसपास शांति व्यवस्था बनी रही। परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देने के लिए यात्रा और अन्य खर्च भी उठाना पड़ेगा।

Tags:    

Similar News