मुजफ्फरनगर में किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: छपार पुलिस ने समीर को भेजा जेल, दो साथी फरार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने 15 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उससे दुष्कर्म के एक मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।;
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने 15 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उससे दुष्कर्म के एक मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छपार थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम को हुई इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर के रूप में हुई है और उसके दो आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता के परिवार की शिकायत के अनुसार समीर ने लड़की को बुलाया था और जब वह उससे मिलने पहुंची तो समीर ने अपने दो साथियों की मदद से कथित तौर पर उसका अपहरण कर उससे दुष्कर्म किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि समीर समेत तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में अन्य दो आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बात करते हुए कहा कि हमको जैसे ही मामले की जानकारी हुई, हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीड़िता के घर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए उचित दिशा-निर्देश दिया। हमने पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया है कि आप लोगों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है, हम लोग आपके साथ खड़े हैं। जो लोग गलत काम किए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम का पहले से ही निर्देश है कि जो लोग गलत काम कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाए।
यूपी सरकार के राज्यमंत्री अनिल कुमार ने कहा कि जिस तरह का गलत काम कुछ लोगों ने किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपना काम कर रही है, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि ये दूसरी घटना है। पिछले महीने शहर में एक घटना सामने आई थी। इसमें जो लोग दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बिजनौर के सांसद चंदन चौहान ने कहा कि ये बहुत पीड़ादायक खबर है लेकिन पुलिस अपना काम कर रही है। ऐसे लोगों को समाज में रहने की कोई जगह नहीं है। हम कोशिश करेंगे कि जल्द से जल्द आरोपियों को सजा मिले।