बैंक से रुपये निकालने के बाद साइबर कैफे तक पहुंच गए बदमाश, 80 हजार की लूट

सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मलकपुर गांव में साइबर कैफे संचालक के बैंक से 80 हजार रुपये निकालने के कुछ देर बाद ही बाइक सवार दो बदमाशों ने कैफे में घुसकर रकम लूट ली;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-13 17:08 GMT

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मलकपुर गांव में साइबर कैफे संचालक के बैंक से 80 हजार रुपये निकालने के कुछ देर बाद ही बाइक सवार दो बदमाशों ने कैफे में घुसकर रकम लूट ली। बदमाशों ने कैफे में मौजूद युवक को पिस्टल दिखाकर डराया और रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बदमाश बैंक से ही संचालक का पीछा तो नहीं कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने चार टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

मलकपुर गांव में अलीगढ़ निवासी मोहित किराये पर रहकर साइबर कैफे चलाता है। कैफे में लोगों के खातों में रुपये जमा करने का काम भी किया जाता है। बुधवार को मोहित बैंक से 80 हजार रुपये निकालकर कैफे पहुंचा। इसके बाद वह खाना खाने के लिए कमरे पर चला गया। उस समय कैफे पर उस्मान बैठा हुआ था।

इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश कैफे में पहुंचे। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उस्मान पर तान दी, जबकि दूसरा कैफे के अंदर रैक तक पहुंच गया। उसने रैक खोलकर वहां रखे 80 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार होने लगे।

बदमाशों को जाता देखकर उस्मान ने बाहर निकलकर शोर मचाने का प्रयास किया। इस पर एक बदमाश वापस कैफे में आया और उसे गोली मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि उनके भागने तक शोर नहीं मचाना। बदमाशों के फरार होने के बाद उस्मान ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना की एक फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दोनों बदमाश बाइक से आते दिखाई दे रहे हैं।

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मोहित बैंक से 80 हजार रुपये निकालकर लाया था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि बदमाशों को रकम के बारे में पहले से जानकारी थी या उन्होंने बैंक से ही उसका पीछा किया था। घटना के पर्दाफाश के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

Similar News