एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, दंपति और तीन बच्चों के शव बिस्तर पर मिले

रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी फैल गई;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-10-17 20:34 GMT

रात में मैगी खाकर सोया था परिवार, सुबह नहीं उठने पर हुआ घटना का पता

  • पुलिस मौके पर पहुंची, मौत की वजह जानने में जुटी

ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। पांचों के शव घर में बिस्तर पर मिले।

सुबह काफी देर तक परिवार के लोगों के नहीं उठने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। जांच करने पर पांचों मृत मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी महेश अपनी पत्नी ललतेश और तीन बच्चों के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि परिवार के पांचों सदस्य रात करीब 10 बजे मैगी खाने के बाद सोने चले गए थे। सुबह होने पर भी जब कोई नहीं उठा तो लोगों को चिंता हुई। इसके बाद उन्हें देखने पहुंचे लोगों ने पांचों को बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलने पर रबूपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पांचों की मौत कैसे हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Similar News