दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित महिला की हत्या
कल देर रात पिंटू ने पत्नी के गले में फंदा लगाकर हत्या कर दी।
By : एजेंसी
Update: 2019-05-27 13:23 GMT
भभुआ । बिहार में कैमूर जिले के भभुआ नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 में दहेज की मांग को लेकर एक महिला की हत्या कर दी गयी।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि वार्ड संख्या 25 निवासी पिंटू कुमार गुप्ता की शादी किरण देवी (27) के साथ हुई थी। पिंटू दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी को प्रताड़ित किया करता था। इसी को लेकर कल देर रात पिंटू ने पत्नी के गले में फंदा लगाकर हत्या कर दी। घटना के बाद से परिवार के सभी सदस्य फरार हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में मृतका के पिता जवाहर प्रसाद ने संबंधित थाना में पिंटू सहित पांच लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।