चोटिल रेइना के स्थान पर केपा को स्पेन टीम का बुलावा
एथलेटिक क्लब बिलबाओ के गोलकीपर केपा एरिजाबालागा को स्पेन की राष्ट्रीय फुटबाल टीम में शामिल होने के लिए बुलाया गया है;
मेड्रिड। एथलेटिक क्लब बिलबाओ के गोलकीपर केपा एरिजाबालागा को स्पेन की राष्ट्रीय फुटबाल टीम में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। 2018 विश्व कप क्वालीफायर में इजरायल के खिलाफ होने वाले मुकाबले और इसके बाद फ्रांस के खिलाफ दोस्ताना मुकाबले के लिए केपा को चोटिल पेपे रेइना के स्थान पर टीम में शामिल किया जा रहा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 22 वर्षीय केपा स्पेन की अंडर-21 टीम के सदस्य रहे हैं। स्पेन की टीम में वह मैनचेस्टर युनाइटेड के गोलकीपर डेविड डी गिया और सेविला के सर्गियो रिको के साथ शामिल होंगे।
केपा ने एथलेटिक क्लब की बी टीम में दो साल का समय बिताया। इसके बाद वह ऋण करार पर पोनफेरादीना और वालाडोलिड क्लब से भी खेल चुके हैं। इस सत्र में उन्होंने एथलेटिक क्लब में वापसी की। क्लब उनके साथ 2022 तक के नए करार के बारे में सोच रहा है।