कांग्रेस नेताओं का हमला – खैरा के घर की दीवार गिराने पर ‘आप’ सरकार को चेतावनी

पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने कपूरथला जिले के गांव रामगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेता और भुलत्थ से विधायक सुखपाल सिंह खैरा की पैतृक संपत्ति की चारदीवारी ढहाए जाने की कड़ी निंदा की है

Update: 2026-02-24 05:07 GMT

राजा वड़िंग, बाजवा और रंधावा बोले – सत्ता का क्रूर दुरुपयोग अस्वीकार्य

  • ‘अब बहुत हो गया’ – कांग्रेस ने अधिकारियों को भी दी सख्त चेतावनी
  • खैरा की पैतृक संपत्ति पर कार्रवाई को बताया राजनीतिक प्रतिशोध
  • ‘आप’ सरकार पर बुलडोजर राजनीति का आरोप, कांग्रेस ने दी उल्टी गिनती की धमकी

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने सोमवार को कपूरथला जिले के गांव रामगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेता और भुलत्थ से विधायक सुखपाल सिंह खैरा की पैतृक संपत्ति की चारदीवारी ढहाए जाने की कड़ी निंदा की है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ‘राजा वड़िंग’, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व मंत्री परगट सिंह ने एक संयुक्त बयान में आम आदमी पार्टी की सरकार को राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से सत्ता के क्रूर दुरुपयोग के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने आगाह करते हुए कहा, “अब यह बहुत ज्यादा (अति) हो गया है। ”

कांग्रेस नेताओं ने उन अधिकारियों को भी सचेत किया जो 'आप' सरकार के अवैध और गैर-कानूनी आदेशों का पालन कर रहे हैं। नेताओं ने स्पष्ट और दो-टूक शब्दों में कहा, “ जब आपकी गलतियों और गुनाहों का हिसाब लिया जाएगा, तब कोई आपको बचाने नहीं आएगा, इसलिए सावधान रहें। ”

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के गांव रामगढ़ में खैरा के पैतृक घर की बाहरी दीवार गिराना उनकी आवाज दबाने के उद्देश्य से किया गया राजनीतिक प्रतिशोध का एक स्पष्ट कृत्य है। उन्होंने कहा, “ सत्ताधारी दल और उसके नेता इस गलतफहमी में हैं कि वे कांग्रेस नेताओं को डरा-धमका कर सरकार की विफलताओं को उजागर करने से रोक सकते हैं। आज की कार्रवाई केवल सार्वजनिक समर्थन पूरी तरह खो देने के बाद 'आप' की हताशा और निराशा को दर्शाती है। ”

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसा लगता है कि 'आप' ने भाजपा की राह पर चलना शुरू कर दिया है, जो अंधाधुंध तरीके से बुलडोजर का इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “गलत मिसाल कायम न करें। आपका समय अब समाप्त हो रहा है क्योंकि आपकी उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। हमारा समय आने वाला है और आपके हर एक कृत्य का हिसाब लिया जाएगा।”

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सरकारी अधिकारियों और पुलिस को भी सख्त अल्टीमेटम दिया कि वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराने-धमकाने के लिए अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने की कोशिश न करें। उन्होंने चेतावनी दी, “ हर चीज पर नजर रखी जा रही है। सब कुछ रिकॉर्ड किया जा रहा है। न कुछ भुलाया जाएगा और न ही कुछ माफ किया जाएगा।”

Tags:    

Similar News