रसोई गैस और विमान ईंधन सस्ता
नयी दिल्ली ! घरेलू तेल विपणन कंपनियों ने अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ डॉलर की तुलना में रुपये में आयी
नयी दिल्ली ! घरेलू तेल विपणन कंपनियों ने अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ डॉलर की तुलना में रुपये में आयी मजबूती के मद्देनजर पेट्रोल-डीजल के बाद रसोई गैस तथा विमान ईंधन की कीमतों में 01 अप्रैल से कटौती कर दी है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एक प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली में रसोई गैस का बिना सब्सिडी वाला घरेलू सिलिंडर 14.50 रुपये सस्ता किया गया है। अब यह 737.50 रुपये की बजाय 723 रुपये का मिलेगा।
साथ ही सब्सिडी वाले सिलिंडर की कीमत में दो पैसे की मामूली कटौती की गयी है और अब यह 436.91 रुपये का मिलेगा। कोलकाता में सब्सिडी वाला सिलिंडर दो पैसे, मुंबई में 56 पैसे और चेन्नई में दो पैसे सस्ता हुआ है।
विमान ईंधन के दाम में बड़ी कटौती की गयी है। दिल्ली में इसकी कीमत 5.18 प्रतिशत यानी 2,811.38 रुपये घटाकर 51,482 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गयी है।
कीमतों में बदलाव के बाद देश के चारों महानगरों में कीमतें इस प्रकार होंगी :
रसोई गैस (बिना सब्सिडी वाला सिलिंडर रुपये में)
महानगर---------------पुरानी कीमत---------------नयी कीमत
दिल्ली------------------737.50-----------------723.00
कोलकाता---------------757.50------------------742.00
मुंबई-------------------744.50------------------729.50
चेन्नई------------------746.50------------------731.50
विमान ईंधन (रुपये प्रति किलोलीटर)
महानगर---------------पुरानी कीमत---------------नयी कीमत
दिल्ली-----------------54293.38-----------------51482
कोलकाता--------------59178.78------------------56262
मुंबई------------------53663.58------------------50896
चेन्नई-----------------57283.80------------------54324