गर्मी से मिलेगी राहत! दिल्ली में अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट, जम्मू-हिमाचल में बर्फबारी; जानें 15 राज्यों का हाल

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है।;

Update: 2026-04-28 03:50 GMT

नई दिल्‍ली: Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तेज धूप और लू के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अब राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अगले 48 घंटों के भीतर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को बारिश की संभावना जताई है, जबकि 29 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि इस दौरान तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

दिल्ली में तापमान अभी भी ऊंचाई पर

मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले सोमवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। राजधानी के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। पालम और लोधी रोड में तापमान 42°C से ऊपर रहा, जबकि रिज क्षेत्र में सबसे ज्यादा 43.8°C और आयानगर में 43.2°C तापमान दर्ज किया गया। ये सभी आंकड़े सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक हैं। कई शहरों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। मंगलवार सुबह ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसका असर दिल्ली और आसपास के इलाकों में 30 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है। इस सिस्टम के चलते तेज हवाएं, बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल को बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम ठंडा हो सकता है, लेकिन कुछ जगहों पर नुकसान की आशंका भी बनी रहेगी।

पूर्वी और मध्य भारत में भी असर

पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में लू और उमस का असर अभी भी बना रह सकता है।

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अनुमान

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

राहत के साथ सावधानी भी जरूरी

देशभर में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी घटनाओं को देखते हुए सावधानी बरतना भी जरूरी है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

Tags:    

Similar News