बिहार में तेजस्वी यादव को बड़ा झटका: राजद महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग भाजपा (BJP) में शामिल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल, राजद महिला मोर्चा भागलपुर की अध्यक्ष सीमा जायसवाल, प्रदेश सचिव, युवा राजद माया गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।;

Update: 2026-05-26 10:32 GMT

पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल, राजद महिला मोर्चा भागलपुर की अध्यक्ष सीमा जायसवाल, प्रदेश सचिव, युवा राजद माया गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि आज बिहार की जनता परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से पूरी तरह ऊब चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की जो राजनीति स्थापित हुई है, इससे प्रेरित होकर विभिन्न दलों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प है। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उज्ज्वला योजना, मातृत्व योजनाएं, महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा और महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने इस दौरान रितु जायसवाल की तारीफ की। राजद को उन्होंने चेतावनी देने के लहजे में कहा कि भाजपा का दरवाजा अभी बंद है; जिस दिन खुल जायेगा, उस दिन उनकी चौखट पर एक व्यक्ति नजर नहीं आएगा।

उन्होंने पीएम नरेंद्र को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि 32 देशों ने उनको सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। इस कारण भाजपा का आकर्षण बढ़ा है। इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद रितु जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही महिलाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए ईमानदारी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने तथा भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।


Tags:    

Similar News