नई दिल्ली: BRICS Summit 2026 के बीच शनिवार रात बॉलीवुड का रंग भी देखने को मिला। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने BRICS समिट के डिनर के दौरान हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय गीत गाकर महफिल में चार चांद लगा दिए। उन्होंने महान गायक किशोर कुमार के मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ को अपनी आवाज में पेश किया। इसके साथ ही उन्होंने मुकेश के सदाबहार गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ भी गुनगुनाया। अनवर इब्राहिम ने इस खास पल का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर साझा किया है। करीब डेढ़ मिनट के वीडियो के साथ उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि क्या उन्हें अपने गुरु के लिए थोड़ा गाने की इजाजत मिल सकती है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।
Guru mintak izin nyanyi kejap ok! pic.twitter.com/NzazFHV509
— Anwar Ibrahim (@anwaribrahim) September 12, 2026
किशोर कुमार के गाने से शुरू हुई सुरों की महफिल
अनवर इब्राहिम ने जिस गीत को गाया, वह 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का लोकप्रिय गाना है। इसे किशोर कुमार ने आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत एसडी बर्मन ने तैयार किया था और गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था। इसके बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री ने फिल्म ‘संगम’ का गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ भी गाया। इस गीत को मुकेश ने आवाज दी थी। इसका संगीत शंकर-जयकिशन की जोड़ी ने दिया था और गीतकार शैलेंद्र थे।
पहले भी जता चुके हैं किशोर कुमार के लिए पसंद
अनवर इब्राहिम का हिंदी फिल्म संगीत से लगाव नया नहीं है। वह पहले भी सार्वजनिक रूप से किशोर कुमार के प्रशंसक होने का संकेत दे चुके हैं। वर्ष 2024 में भारत में दिए एक इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने किशोर कुमार का यही गीत गुनगुनाया था। भारत और मलेशिया के बीच सांस्कृतिक रिश्तों के लिहाज से भी यह जुड़ाव खास माना जा सकता है। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज साझा किया था, जिसमें हिंदी फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था।
मलेशिया में भारतीय सिनेमा की मजबूत पकड़
मलेशिया में भारतीय मूल की बड़ी आबादी रहती है, जिसकी वजह से भारतीय संस्कृति और सिनेमा का वहां लंबे समय से प्रभाव रहा है। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, मलेशिया में करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोग हैं, जो देश की आबादी का लगभग 9 फीसदी हिस्सा हैं। इनमें करीब 20 लाख लोग तमिल भाषी बताए जाते हैं। यही वजह है कि मलेशिया में बॉलीवुड के साथ-साथ तमिल फिल्मों का भी बड़ा दर्शक वर्ग है। शाहरुख खान की ‘दिलवाले’ ने वहां करीब 29 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं ‘जवान’ और ‘पठान’ ने भी मलेशियाई बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया।
तमिल फिल्मों का भी बड़ा बाजार
मलेशिया में दक्षिण भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता भी लगातार देखने को मिलती है। 2025 में रिलीज हुई रजनीकांत की ‘कुली’ ने वहां करीब 26-27 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि अजित कुमार की ‘गुड बैड अग्ली’ ने लगभग 22 करोड़ रुपये कमाए। इसी तरह सूर्या की 2026 की फिल्म ‘करुप्पु’ भी करीब 22 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ मलेशिया में अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल रही। विजय की ‘गोट’ ने करीब 32 करोड़ और शिवकार्तिकेयन की ‘अमरन’ ने लगभग 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
राजनीतिक सफर भी रहा उतार-चढ़ाव भरा
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। इससे पहले वह 1993 में देश के उप प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि, 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद के साथ राजनीतिक मतभेदों के बाद उन्हें सरकार के सभी पदों से हटा दिया गया था। इसके बाद अनवर लंबे समय तक विपक्ष की राजनीति में सक्रिय रहे और 2008 से 2015 तक विपक्ष के नेता रहे। वर्ष 2022 के आम चुनाव के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद संभाला।
BRICS डिनर में उनका हिंदी फिल्मों के गीतों को गाना भारत और मलेशिया के बीच राजनीतिक रिश्तों से इतर सांस्कृतिक जुड़ाव की एक दिलचस्प झलक भी पेश करता है। खास तौर पर किशोर कुमार के गीतों के प्रति उनकी पसंद ने इस मुलाकात को सोशल मीडिया पर चर्चा का एक अलग विषय बना दिया है।