नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। करीब सात महीने पहले पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नबीन की टीम का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। नई टीम में कई पुराने चेहरों को बरकरार रखने के साथ कुछ प्रमुख नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
स्मृति ईरानी को महासचिव की अहम जिम्मेदारी
नितिन नबीन की नई टीम में स्मृति ईरानी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमेठी की पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री रह चुकीं ईरानी को पार्टी संगठन में महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वह राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के कामकाज में अहम भूमिका निभाएंगी। नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। इनमें सुनील बंसल, विनोद तावड़े, बिप्लब देव, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।
वसुंधरा राजे और राम माधव की बड़ी भूमिका
भाजपा ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव की भी संगठन में वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राम माधव पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। नई टीम में कुल 11 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें वसुंधरा राजे, राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांड्या, रेखा वर्मा, डी. पुरंदेश्वरी, वी. नरेंद्र भाई दोषी, लाल सिंह आर्या, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर शामिल हैं।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
नई राष्ट्रीय टीम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें राजेश अग्रवाल की जगह पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं राजेश मंगल को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। संगठन के स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण पदों में बदलाव नहीं किया गया है। अनिल बलूनी पहले की तरह पार्टी के मीडिया प्रभारी बने रहेंगे। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय संगठन महासचिव के पद पर यथावत रहेंगे। इससे संगठन में निरंतरता बनाए रखने का संकेत माना जा रहा है।