लखनऊ: पूर्व विधायक के बेटे के हत्याराें की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज क्षेत्र में भाजपा के पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश उर्फ जिप्पी तिवारी के पुत्र के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है ।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश उर्फ जिप्पी तिवारी के पुत्र के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है ।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सिद्धार्थनगर के डूमरियागंज से भाजपा के पूर्व विधायक तिवारी का 32 वर्षीय पुत्र वैभव तिवारी हजरतगंज इलाके के कसमंडा हाउस में रहता था और बदमाशों ने कल देर रात मोबाइल फाेन पर बुलाने के बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह प्रापर्टी का काम करता था। हत्या का कारण प्रापर्टी का विवाद बताया गया है।
वैभव के ममेरे भाई आदित्य के अनुसार रात करीब नौ बजे काले रंग की सफारी में नरही निवासी विक्रम सिंह और सूरज शुक्ला आये और उन्होंने वैभव को मोबालइन पर फोन करके फ्लैट से नीचे बुलाया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और तभी सूरज ने पिस्टल से वैभव को गोली मार दी और फरार हो गये। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि वैभव तिवारी का इकलौता पुत्र था। वह सिद्धार्थनगर के जगपुर गांव का प्रधान भी था और यहां प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था।
हत्या की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों हत्यारोपी हजरतगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। उनके खिलाफ हजरतगंज थाने के अलावा कई थानों में हत्या,लूट और रंगदारी आदि के करीब 30 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हत्यारों की तलाश में छापेमारी कर रही है।